GautambudhnagarGreater noida news

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की समीक्षा बैठक हुई सम्पन्न

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की समीक्षा बैठक हुई सम्पन्न

उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित एवं स्थायी समाधान के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

गौतमबुद्धनगर।जनपद में औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान करने तथा उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों की समस्याओं का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर करते हुए निवेश के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दौरान उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण द्वारा जनपद के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से प्राप्त समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों के सम्बन्ध में जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि निवेशकों एवं उद्यमियों को किसी प्रकार की अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े।

उद्यमियों ने बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में जलभराव, विद्युत आपूर्ति, ट्रैफिक जाम, जर्जर सड़कों, अतिक्रमण, पार्किंग की कमी तथा जल निकासी जैसी प्रमुख समस्याओं को उठाया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी समस्याओं के समाधान के लिए आपसी समन्वय स्थापित करते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि बैठक में प्राधिकरणों से संबंधित प्राप्त सभी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित प्राधिकरणों के अधिकारियों के साथ शीघ्र पृथक बैठक आयोजित करें, जिससे उद्यमियों की समस्याओं का प्रभावी, स्थायी एवं परिणामपरक समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि “औद्योगिक विकास तभी संभव है, जब प्रशासन और उद्योग जगत साझी जिम्मेदारी एवं समन्वय की भावना के साथ कार्य करें। उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान शासन की प्राथमिकता है।”

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित उद्यमी हितैषी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा प्रत्येक पात्र उद्यमी तक इन योजनाओं का लाभ शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध रूप से पहुँचाना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, प्राधिकरणों के अधिकारी, श्रम, सिंचाई, विद्युत एवं पुलिस विभाग के अधिकारी तथा उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button