GautambudhnagarGreater noida news

आईआईए ग्रेटर नोएडा की ‘उद्यमी–जीएसटी अधिकारी संवाद गोष्ठी’ में एमएसएमई उद्योगों की समस्याओं पर हुआ मंथन

आईआईए ग्रेटर नोएडा की ‘उद्यमी–जीएसटी अधिकारी संवाद गोष्ठी’ में एमएसएमई उद्योगों की समस्याओं पर हुआ मंथन

ग्रेटर नोएडा। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) ग्रेटर नोएडा चैप्टर कार्यालय के सभाकक्ष में शुक्रवार को “उद्यमी–जीएसटी अधिकारी संवाद गोष्ठी” का सफल आयोजन किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि परीक्षित खटाना, अपर आयुक्त, राज्य वस्तु एवं सेवा कर (एसजीएसटी ), गौतम बुद्ध नगर रहे। उनके साथ योगेश विजय और अमित त्रिवेदी, संयुक्त आयुक्त (एसआईबी ), विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

गोष्ठी में ग्रेटर नोएडा एवं गौतम बुद्ध नगर के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से 50 से अधिक एमएसएमई उद्यमियों और आईआईए सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान उद्यमियों ने जीएसटी अनुपालन से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं, चुनौतियों और सुझावों पर विभागीय अधिकारियों के साथ खुलकर संवाद किया।कार्यक्रम का शुभारंभ आईआईए ग्रेटर नोएडा चैप्टर के चेयरमैन सरबजीत सिंह ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अधिकारियों के स्वागत के साथ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जीएसटी व्यवस्था ने देश में एकीकृत कर प्रणाली को मजबूत किया है, लेकिन एमएसएमई उद्योगों को व्यवहारिक स्तर पर कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योग और विभाग के बीच नियमित संवाद ही इन समस्याओं के समाधान का सबसे प्रभावी माध्यम है।संवाद गोष्ठी के दौरान आईआईए की ओर से जीएसटी से संबंधित प्रमुख समस्याओं और सुझावों का विस्तृत ज्ञापन अपर आयुक्त को सौंपा गया। ज्ञापन में अपीलों के शीघ्र निस्तारण, निर्यातकों को समयबद्ध जीएसटी रिफंड, ई-वे बिल में सामान्य टंकण त्रुटियों पर कठोर दंड से राहत, GSTR-9 और GSTR-9C से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं का समाधान, अन्य करदाता की गलती के लिए ईमानदार विक्रेता को जिम्मेदार न ठहराने, एसजीएसटी से जुड़े बढ़ते विवादों में कमी लाने तथा भुगतान प्राप्त न होने की स्थिति में जीएसटी देयता के व्यावहारिक समाधान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल थे।अपने संबोधन में परीक्षित खटाना ने जीएसटी कानून के विभिन्न प्रावधानों, अनुपालन प्रक्रिया और विभाग की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य जीएसटी विभाग उद्योगों के साथ सहयोगात्मक और पारदर्शी कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उद्यमियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि विभाग के अधिकार क्षेत्र में आने वाले विषयों पर यथासंभव व्यावहारिक और सकारात्मक समाधान का प्रयास किया जाएगा।योगेश विजय और अमित त्रिवेदी, संयुक्त आयुक्त (एसआईबी ), ने भी उद्यमियों के सवालों के विस्तृत जवाब दिए और विभागीय प्रक्रियाओं, जीएसटी अनुपालन तथा अन्य व्यावहारिक विषयों पर उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया।संवाद सत्र के दौरान उद्यमियों ने कई महत्वपूर्ण प्रश्न उठाए, जिनका विभागीय अधिकारियों ने विस्तार से समाधान किया। पूरे कार्यक्रम का वातावरण सकारात्मक, सहभागितापूर्ण और संवादपरक रहा।अंत में आईआईए ग्रेटर नोएडा चैप्टर की ओर से मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों और विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही भविष्य में भी उद्योग एवं जीएसटी विभाग के बीच इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने पर सहमति बनी।कार्यक्रम में आईआईए ग्रेटर नोएडा चैप्टर के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य तथा विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से 50 से अधिक एमएसएमई उद्यमी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button