GautambudhnagarGreater noida news

पुलिस–उद्यमी संवाद कार्यक्रम में गूंजे उद्योगों के मुद्दे, डीसीपी ने दिया समाधान एवं सहयोग का भरोसा

पुलिस–उद्यमी संवाद कार्यक्रम में गूंजे उद्योगों के मुद्दे, डीसीपी ने दिया समाधान एवं सहयोग का भरोसा

ग्रेटर नोएडा।इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन द्वारा इकोटेक-3 स्थित जेबीजे टेक्नोलॉजीज लिमिटेड में “पुलिस–उद्यमी संवाद कार्यक्रम” का सफल एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना, पुलिस प्रशासन एवं उद्यमियों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा उद्योगों से संबंधित समस्याओं एवं सुझावों पर सार्थक संवाद करना था।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उपायुक्त (डीसीपी ) नोएडा सेंट्रल शैलेंद्र कुमार सिंह रहे। उनके साथ सहायक पुलिस आयुक्त (ACP-3) नोएडा सेंट्रल राजीव कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी इकोटेक-3 अजय कुमार सिंह एवं पुलिस विभाग की टीम उपस्थित रही। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ, प्लांटर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान के साथ किया गया।कार्यक्रम का संचालन करते हुए आईबीए के अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने सभी अतिथियों एवं उद्यमियों का स्वागत किया तथा इस संवाद कार्यक्रम की आवश्यकता, उद्देश्य एवं औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस–उद्योग सहयोग की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं विश्वासपूर्ण वातावरण किसी भी औद्योगिक क्षेत्र की प्रगति की आधारशिला होता है तथा पुलिस एवं उद्योग जगत के बीच नियमित संवाद से अनेक समस्याओं का समाधान सहज रूप से संभव हो सकता है।

इसके उपरांत उपस्थित उद्यमियों एवं आईबीए पदाधिकारियों ने अपना परिचय देते हुए औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, साइबर अपराधों की रोकथाम, रात्रिकालीन गश्त, महिला सुरक्षा, औद्योगिक क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं अन्य स्थानीय विषयों से जुड़े अपने सुझाव एवं समस्याएं पुलिस प्रशासन के समक्ष रखीं। बैठक अत्यंत सकारात्मक, सौहार्दपूर्ण एवं रचनात्मक वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें सभी प्रतिभागियों को अपनी बात रखने का अवसर मिला।अपने संबोधन में डीसीपी नोएडा सेंट्रल शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस प्रशासन उद्योगों की सुरक्षा एवं उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के प्रति पूर्णतः संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है। उन्होंने उद्यमियों द्वारा दिए गए सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उन पर विचार एवं आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा एवं सुचारु संचालन जिले के आर्थिक विकास से सीधे जुड़ा विषय है और पुलिस विभाग उद्योग जगत के साथ निरंतर संवाद एवं सहयोग बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहेगा।

आईबीए अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने पुलिस आयुक्त का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गौतमबुद्ध नगर में उद्योगों के लिए सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने में पुलिस कमिश्नरेट की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों की संवेदनशील कार्यशैली, त्वरित संवाद एवं समस्याओं के समाधान के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण ने उद्यमियों का विश्वास और अधिक मजबूत किया है।कार्यक्रम में आईबीए के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण शर्मा तथा आयोजनकर्ता संस्था जेबीजे टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट देवेंद्र शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने इस संवाद को उद्योग एवं पुलिस प्रशासन के बीच विश्वास, सहयोग एवं सहभागिता को मजबूत करने वाली एक महत्वपूर्ण पहल बताया।विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व असिस्टेंट कमिश्नर (उद्योग) जी.पी. गोस्वामी भी उपस्थित रहे। दोनों गणमान्य अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उद्योगों के विकास एवं बेहतर औद्योगिक वातावरण के लिए प्रशासन और उद्यमियों के मध्य सतत संवाद अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर आईबीए के कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री कृष्ण शर्मा, उपाध्यक्ष नरेश चौहान, अजय राणा, सुधीर त्यागी, डॉ. खुशबू सिंह, राजेश खन्ना, जॉइंट सेक्रेटरी दर्शन शर्मा, सेक्टर सेक्रेटरी अरविंद भाटी, कार्यकारिणी सदस्य संजय त्यागी, विमलेश सिंह, संजय पांचाल, हर्ष तोमर, महिला उद्यमी पूनम यादव, वरिष्ठ उद्यमी शिशुपम त्यागी, उद्यमी दिनेश शर्मा, चंचल कुमार सहित जेबीजे टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट देवेंद्र शर्मा एवं कंपनी के विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों तथा 100 से अधिक उद्यमियों ने सहभागिता की।कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने इस प्रकार के संवाद कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। उपस्थित उद्यमियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस सार्थक पहल से पुलिस प्रशासन एवं उद्योग जगत के मध्य सहयोग और अधिक सुदृढ़ होगा तथा औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी परिणाम प्राप्त होंगे।यह कार्यक्रम केवल एक औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि पुलिस प्रशासन एवं उद्योग जगत के मध्य विश्वास, संवाद और साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।

Related Articles

Back to top button