यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 का हुआ भव्य शुभारंभ, अमित शाह और योगी आदित्यनाथ रहे मौजूद
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 का हुआ भव्य शुभारंभ, अमित शाह और योगी आदित्यनाथ रहे मौजूद

ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस)-2026 के चौथे संस्करण का शुभारंभ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। 25 से 29 सितंबर तक आयोजित ट्रेड शो में देश-विदेश के खरीदार, निवेशक, उद्यमी और व्यापारिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश निवेश, उत्पादन, व्यापार और नवाचार का प्रमुख केंद्र बन रहा है तथा प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था, औद्योगिक नीतियों, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और डिफेंस कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं से प्रदेश में निवेश का माहौल मजबूत हुआ है। यूपीआईटीएस प्रदेश के उत्पादों को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपीआईटीएस पारंपरिक उद्यमों, कारीगरों, युवाओं और एमएसएमई क्षेत्र को वैश्विक मंच उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) के माध्यम से प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को ब्रांड और अंतरराष्ट्रीय बाजार मिला है। उत्तर प्रदेश अब दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात कर रहा है।मुख्यमंत्री ने बताया कि ट्रेड शो के चौथे संस्करण में 36 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में 2,400 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। करीब 90 देशों से 600 से अधिक विदेशी खरीदारों के पहुंचने की संभावना है। जापान, सिंगापुर, बेलारूस, रूस, वियतनाम और ऑस्ट्रिया पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल हैं।एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रदेश में एक करोड़ से अधिक पंजीकृत एमएसएमई इकाइयां हैं, जो देश में सर्वाधिक हैं। इनमें तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। ट्रेड शो में रक्षा, कृषि, उद्योग, ई-कॉमर्स, आईटी, शिक्षा, चिकित्सा, बैंकिंग, डेयरी, हैंडलूम, टेक्सटाइल और जीआई उत्पादों से जुड़े 2,400 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं।कार्यक्रम के दौरान अमित शाह और योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न उत्पादों, हस्तशिल्प एवं औद्योगिक प्रदर्शनियों के स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान ‘एक जनपद, एक व्यंजन’ पोर्टल का शुभारंभ भी किया गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर दोनों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, भूपेंद्र चौधरी, राज्य मंत्री बृजेश सिंह, हंस राज विश्वकर्मा, सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, सांसद डॉ. महेश शर्मा, सदस्य विधान परिषद श्रीचंद शर्मा, नरेंद्र सिंह भाटी, विधायक तेजपाल सिंह नागर, विधायक धीरेन्द्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।




