‘संभव अभियान 6.0’ के अंतर्गत दनकौर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा दस्तक अभियान का प्रशिक्षण
‘संभव अभियान 6.0’ के अंतर्गत दनकौर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा दस्तक अभियान का प्रशिक्षण

गौतमबुद्धनगर।बाल विकास परियोजना कार्यालय, दनकौर में बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) संध्या सोनी की अध्यक्षता में ‘संभव अभियान 6.0’ (थीम: “गर्भावस्था से बाल्यावस्था तक पोषण सुरक्षा”) एवं ‘प्रोजेक्ट साथी सखी’ के अंतर्गत मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परियोजना की समस्त मुख्य सेविकाओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण के दौरान यूनिफार्म संस्था की सीनियर मैनेजर मेहक कौशिक, सीएसआर एग्जीक्यूटिव अंकिता सुखवाल एवं मेघा कौशिक द्वारा मासिक धर्म से जुड़े मिथकों एवं भ्रांतियों के निवारण, स्वच्छता प्रबंधन, सेनेटरी पैड के सुरक्षित उपयोग तथा वैज्ञानिक निस्तारण के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही किशोरियों एवं महिलाओं में मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
इसके अतिरिक्त, दस्तक अभियान के अंतर्गत सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को संचारी रोगों की रोकथाम हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्हें घर-घर जाकर बच्चों एवं परिवारों की नियमित मॉनिटरिंग करने, संभावित रोगों के लक्षणों की समय पर पहचान कर स्वास्थ्य विभाग को सूचित करने तथा समुदाय को संचारी रोगों से बचाव, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर सीडीपीओ संध्या सोनी ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां समुदाय स्तर पर महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों में स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता संबंधी जागरूकता बढ़ाने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में इन गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य सेविकाएं ममता, किरण, पूनम, माधुरी, प्रीति, कंचन एवं अनु उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों द्वारा मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, पोषण तथा संचारी रोगों की रोकथाम संबंधी संदेशों को समुदाय तक प्रभावी रूप से पहुँचाने के संकल्प के साथ हुआ।




