GautambudhnagarGreater noida news

आईआईएमटी यूनिवर्सिटी में बिखरे शास्त्रीय संगीत के रंग: ‘साज़ और आवाज़’ ने मोहा श्रोताओं का मन

आईआईएमटी यूनिवर्सिटी में बिखरे शास्त्रीय संगीत के रंग: ‘साज़ और आवाज़’ ने मोहा श्रोताओं का मन

ग्रेटर नोएडा । आईआईएमटी (IIMT) यूनिवर्सिटी के ग्रेटर नोएडा कैंपस में रविवार शाम ‘श्रुति फाउंडेशन’ के तत्वावधान में ‘साज़ और आवाज़’ कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया। ‘बैठक सीरीज’ के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारतीय शास्त्रीय संगीत को बढ़ावा देना और युवा प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करना रहा।कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्तर की शास्त्रीय गायिका श्रीमती सुनंदा शर्मा,श्रुति फाउंडेशन के संस्थापक एवं मशहूर तबला वादक पं. मिथिलेश झा,समाज सेवी एवं कवि श्री ओम रायजादा ,एवं रोहित प्रियदर्शन के द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुई,जिसने पूरे हॉल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इसके बाद युवा कलाकार चित्रांशी टांगरी (गायन) और सत्येश मंगलम (तबला) ने अपनी कला का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।  गायिका सोनम मिश्रा ने अपने हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायन से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उनका साथ हारमोनियम पर पंडित सुमित मिश्रा और तबले पर आनंद कुमार ने बखूबी दिया। शाम का मुख्य आकर्षण पंडित चिरादीप सरकार (संतूर) और मशहूर तबला वादक पंडित मिथिलेश कुमार झा (तबला) के बीच हुई ‘एक्सक्लूसिव जुगलबंदी’ रही। संतूर की मधुर लहरियों और तबले की थाप के बीच आपसी संवाद ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।  श्रुति फाउंडेशन के द्वारा सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने की पहल में हिमांशु मिश्रा एवं सहयोगी आराधना वर्मा के द्वारा किये गए कार्य की सराहना की गई। कार्यक्रम का कुशल संचालन सुषमा सिंह द्वारा किया गया।श्रुति फाउंडेशन नन्हक फाउंडेशन के बच्चों के साथ काम करके उनको एक सकारात्मक दिशा देने का कार्य करेगी। इस अवसर पर नन्हक फाउंडेशन की निदेशिका साधना सिन्हा एवं सहयोगी विकास सक्सेना उपस्थित रहे। आईआईएमटी के चाणक्य हॉल में आयोजित इस शाम में संगीत प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से न केवल नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़ने का मौका मिलता है, बल्कि शास्त्रीय संगीत की परंपरा भी जीवंत रहती है। कार्यक्रम के आंत में पं. मिथिलेश झा ने सभी कलाकारों,श्रोताओं एवं आई आई एम टी कालेज के निदेशक मयंक अग्रवाल के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related Articles

Back to top button