GautambudhnagarGreater noida news

ईपीएफओ की नवीनतम गाइडलाइंस पर जागरूकता कार्यशाला, 100 से अधिक उद्यमियों ने लिया हिस्सा

ईपीएफओ की नवीनतम गाइडलाइंस पर जागरूकता कार्यशाला, 100 से अधिक उद्यमियों ने लिया हिस्सा

ग्रेटर नोएडा। औद्योगिक व्यवसाय संघ (आईबीए), गौतम बुद्ध नगर की ओर से कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), क्षेत्रीय कार्यालय ग्रेटर नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में ईपीएफओ की नवीनतम गाइडलाइंस एवं योजनाओं को लेकर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन एक्सेडी इंडिया लिमिटेड, इकोटेक-3 में किया गया। कार्यशाला में 100 से अधिक उद्यमियों, मानव संसाधन प्रमुखों, लेखा, वेतन एवं अनुपालन अधिकारियों ने हिस्सा लिया।कार्यशाला का उद्देश्य उद्यमियों को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की नवीनतम गाइडलाइंस, महत्वपूर्ण बदलावों, ऑनलाइन सेवाओं और नई योजनाओं की जानकारी देना था, ताकि औद्योगिक इकाइयां सभी वैधानिक प्रावधानों का समयबद्ध तरीके से पालन कर सकें।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1 वैभव सिंह मुख्य वक्ता रहे। प्रवर्तन अधिकारी रमाकांत यादव ने भी उद्यमियों को भविष्य निधि से जुड़े विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी और उनकी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया।कार्यशाला में कर्मचारी नामांकन अभियान-2026, विश्वास योजना-2026, भविष्य निधि की नवीनतम गाइडलाइंस, महत्वपूर्ण बदलाव, सार्वभौमिक खाता संख्या एवं ई-नामांकन, ऑनलाइन सेवाएं, नियोक्ता अनुपालन, कर्मचारी भविष्य निधि, कर्मचारी पेंशन योजना एवं कर्मचारी जमा संबद्ध बीमा योजना सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रश्नोत्तर सत्र रहा। इसमें उद्यमियों ने भविष्य निधि से संबंधित अपनी व्यावहारिक समस्याएं और अनुपालन से जुड़े सवाल रखे। अधिकारियों ने सभी प्रश्नों का सरल एवं स्पष्ट तरीके से समाधान बताया।औद्योगिक व्यवसाय संघ के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल उद्यमियों की समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि समय पर नियमों और योजनाओं की सही जानकारी मिलने से उद्यमी बेहतर तरीके से वैधानिक अनुपालन कर सकते हैं।क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1 वैभव सिंह ने कहा कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन का उद्देश्य कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के साथ उद्योगों को सरल, पारदर्शी और तकनीक आधारित सेवाएं प्रदान करना भी है। उन्होंने उद्यमियों से कर्मचारी नामांकन अभियान-2026 और विश्वास योजना-2026 का लाभ उठाने की अपील की।कार्यक्रम में महासचिव सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण शर्मा, उपाध्यक्ष सुधीर त्यागी सहित संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे। एक्सेडी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक हिदेताका एंडो और मानव संसाधन विभाग के सहायक महाप्रबंधक प्रदीप कुमार शर्मा ने अतिथियों एवं उद्यमियों का स्वागत किया।

कार्यशाला में शामिल उद्यमियों ने इसे बेहद उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताते हुए औद्योगिक व्यवसाय संघ के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर संगठन के पदाधिकारियों ने एक्सेडी इंडिया लिमिटेड की पूरी टीम का बेहतर आयोजन, व्यवस्थाओं और आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button