शारदा यूनिवर्सिटी में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के साथ ‘माइंड सेट–लाइफ सेट’ कार्यक्रम आयोजित
शारदा यूनिवर्सिटी में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के साथ ‘माइंड सेट–लाइफ सेट’ कार्यक्रम आयोजित

ग्रेटर नोएडा। शारदा यूनिवर्सिटी में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के साथ ‘माइंड सेट–लाइफ सेट’ विषय पर विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गेट नंबर-3 के पास स्वर्गीय आनंद स्वरूप और स्वर्गीय शारदा माता की मूर्तियों के अनावरण से हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के चांसलर पी.के. गुप्ता ने कहा कि मूर्तियों का अनावरण विश्वविद्यालय के लिए सम्मान का क्षण है। उन्होंने कहा कि आनंद स्वरूप और शारदा माता के विचार एवं मूल्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ करुणा, अनुशासन और समाज सेवा की भावना से जोड़ने के लिए प्रेरित करते हैं।मुख्य वक्ता पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि मजबूत सोच और संतुलित जीवन सफलता की महत्वपूर्ण नींव हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सही मूल्यों, अनुशासन और सकारात्मक सोच को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।प्रो-चांसलर वाई.के. गुप्ता ने कहा कि शिक्षा केवल कक्षा तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में मानवीय मूल्यों का विकास भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम के अंत में डीन (छात्र कल्याण) डॉ. प्रमोद कुमार ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के डीन, निदेशक, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, चिकित्सक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।




