कैलाश इंस्टीट्यूट में विश्व रोगी सुरक्षा दिवस पर “शून्य हानि नर्सिंग” का संदेश
कैलाश इंस्टीट्यूट में विश्व रोगी सुरक्षा दिवस पर “शून्य हानि नर्सिंग” का संदेश

ग्रेटर नोएडा। कैलाश इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज, ग्रेटर नोएडा में गुरुवार को विश्व रोगी सुरक्षा दिवस 2026 का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “गैर-संचारी रोगों के लिए सुरक्षित देखभाल” और संदेश “जीवनभर सुरक्षित देखभाल” रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य रोगी सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वास्थ्य सेवाओं में “शून्य हानि नर्सिंग” की संस्कृति को मजबूत करना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ उप-प्रधानाचार्य के स्वागत संबोधन और अतिथियों व विषय विशेषज्ञों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। शैक्षणिक निदेशक डॉ. बिंदिया गोयल ने रोगी सुरक्षा के महत्व और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सतर्कता, प्रभावी संवाद, निर्धारित मानकों के पालन तथा रोगी-केंद्रित देखभाल को आवश्यक बताया।प्रधानाचार्या ने “शून्य हानि नर्सिंग” विषय पर विचार साझा करते हुए सुरक्षित नर्सिंग पद्धतियों, त्रुटियों की रोकथाम, नैदानिक उत्तरदायित्व और टीम भावना पर जोर दिया। वहीं, यशोदा सुपर हॉस्पिटल एंड कैंसर इंस्टीट्यूट, गाजियाबाद की नर्सिंग अधीक्षक सुश्री रुपिंदर कौर ने संक्रमण रोकथाम, दवा सुरक्षा, जोखिम की पहचान और प्रभावी नैदानिक संवाद से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।कार्यक्रम में दवा संबंधी त्रुटियों की रोकथाम, रोगी सुरक्षा और स्वास्थ्यकर्मियों के व्यक्तिगत उत्तरदायित्व पर भी चर्चा हुई। प्रबंध निदेशक संदीप गोयल ने विषय विशेषज्ञों, शिक्षकों, आयोजकों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सक्रिय भागीदारी की सराहना की। विषय विशेषज्ञों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।समापन पर उप-प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों, विशेषज्ञों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से सुरक्षित देखभाल, जिम्मेदार कार्यप्रणाली और टाली जा सकने वाली हानि की रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।




