थाई मंत्री के दौरे से IHE 2026 को मिला वैश्विक आयाम, तीसरे दिन भी हॉस्पिटैलिटी उद्योग का उत्साह चरम पर
थाई मंत्री के दौरे से IHE 2026 को मिला वैश्विक आयाम, तीसरे दिन भी हॉस्पिटैलिटी उद्योग का उत्साह चरम पर

ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो 2026 के तीसरे दिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि तब देखने को मिली, जब थाईलैंड के प्रधानमंत्री कार्यालय से संबद्ध मंत्री Napintorn Srisunpang ने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रदर्शनी का दौरा किया। उनका स्वागत इंडिया एक्सपोज़िशन मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार ने किया। प्रतिनिधिमंडल ने हॉस्पिटैलिटी, डिज़ाइन और तकनीकी नवाचार से जुड़े स्टॉलों का अवलोकन कर भारतीय उद्योग की नवीनतम उपलब्धियों की जानकारी ली।दिल्ली-एनसीआर में दिनभर हुई भारी बारिश भी IHE 2026 के उत्साह को कम नहीं कर सकी। होटल समूहों, रेस्टोरेंट संचालकों, आर्किटेक्ट्स, इंटीरियर डिजाइनर्स, शेफ्स, प्रोक्योरमेंट प्रोफेशनल्स और हॉस्पिटैलिटी सॉल्यूशन प्रदाताओं सहित बड़ी संख्या में उद्योग से जुड़े लोगों ने एक्सपो में भाग लेकर इसे सफल बनाया।तीसरे दिन IIID Trade Connect 2026 और Hospitality Design Symposium 2026 मुख्य आकर्षण रहे। ‘Bridging the Gap’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी में डिजाइन, तकनीक और हॉस्पिटैलिटी संचालन के बदलते स्वरूप पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए। कार्यक्रम में उद्योग जगत के कई प्रमुख विशेषज्ञों ने भाग लेते हुए भविष्य की चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा की।वहीं Master Bakers Challenge India 2026 के तीसरे संस्करण में देशभर के बेकिंग प्रोफेशनल्स ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने Fougasse, Baguette, Bruschetta, Quiche, Pizza और Freestyle Sweet Cranberries Pizza जैसी रचनात्मक तैयारियों से निर्णायकों को प्रभावित किया।
पाक-कला प्रेमियों के लिए आयोजित कुलिनरी मास्टरक्लास भी आकर्षण का केंद्र रही। शेफ वैभव कौशिक, भरत अलघ और नंदलाल ने आधुनिक पाक-कला की तकनीकों और व्यावहारिक अनुभवों को प्रतिभागियों के साथ साझा किया।प्रदर्शनी परिसर में पूरे दिन खरीदारों और प्रदर्शकों के बीच व्यावसायिक बैठकों का दौर चलता रहा। होटल, रेस्टोरेंट, रिसॉर्ट, कैफे, बेकरी, फूड सर्विस, किचन टेक्नोलॉजी, होटल सप्लाई और इंटीरियर डिज़ाइन से जुड़े नवीन उत्पादों और सेवाओं ने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। इससे नए व्यावसायिक अवसरों और साझेदारियों को भी बढ़ावा मिला।आयोजकों के अनुसार, लगातार तीन दिनों से मिल रही मजबूत भागीदारी, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों की मौजूदगी, ज्ञान-विनिमय और बिजनेस नेटवर्किंग ने IHE 2026 को भारत के हॉस्पिटैलिटी उद्योग के सबसे प्रभावशाली वार्षिक आयोजनों में शामिल कर दिया है। एक्सपो उद्योग के भविष्य को नई दिशा देने वाला साझा मंच बनकर उभर रहा है।




