कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम । 11 अगस्त महाशिवरात्रि पर प्रमुख शिवालयों में जलाभिषेक, कांवड़ मार्गों पर चिकित्सा, सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था सुदृढ
कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम
11 अगस्त महाशिवरात्रि पर प्रमुख शिवालयों में जलाभिषेक, कांवड़ मार्गों पर चिकित्सा, सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था सुदृढ

ग्रेटर नोएडा । श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने जनपद में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, नगर निकाय, प्राधिकरण, विद्युत, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।11 अगस्त को महाशिवरात्रि के अवसर पर जनपद के प्रमुख शिवालयों सहित अन्य शिव मंदिरों में होने वाले जलाभिषेक को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। शिव मंदिर नानकेश्वर (भाईपुर, जेवर), सेक्टर-2, सेक्टर-19 और सेक्टर-22 स्थित शिवालयों में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त प्रबंध किए गए हैं।कांवड़ मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है तथा पीआरवी वाहन लगातार गश्त कर रहे हैं। सीमावर्ती जनपदों और राज्यों के साथ समन्वय स्थापित कर यातायात डायवर्जन प्लान, जोनवार एवं थानावार पुलिस प्रबंधन और प्रभावी संचार व्यवस्था लागू की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने प्रमुख कांवड़ मार्गों और शिविर स्थलों पर चिकित्सा शिविर स्थापित किए हैं। सरकारी एवं निजी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। पर्याप्त बेड, एम्बुलेंस, जीवनरक्षक दवाइयां, एंटी स्नेक वेनम, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।नगर निकायों द्वारा कांवड़ मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। मार्गों पर स्वच्छ पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रत्येक कांवड़ शिविर में सीसीटीवी कैमरे, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, अस्थायी शौचालय, बैरिकेडिंग, प्राथमिक उपचार और निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था की गई है।वन विभाग ने मार्गों पर झाड़ियों की सफाई और पेड़ों की लटकी शाखाओं की छंटाई कराई है, जबकि विद्युत विभाग ने बिजली के खंभों को सुरक्षित बनाने, ट्रांसफार्मरों के चारों ओर सुरक्षा घेरा तैयार करने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के इंतजाम किए हैं। वहीं लोक निर्माण विभाग ने मुख्य एवं सहायक मार्गों की मरम्मत, पैचवर्क और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराई है।जिला प्रशासन ने सभी विभागों को यात्रा के दौरान लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं तथा श्रद्धालुओं और आमजन से यातायात नियमों एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।




