ग्रेनो प्राधिकरण ने खोदना खुर्द में हटाया अतिक्रमण,लगभग 6 हजार वर्ग मीटर जमीन अतिक्रमण से मुक्त कराया । अतिक्रमण से मुक्त जमीन की कीमत लगभग 12 करोड़
ग्रेनो प्राधिकरण ने खोदना खुर्द में हटाया अतिक्रमण,लगभग 6 हजार वर्ग मीटर जमीन अतिक्रमण से मुक्त कराया
अतिक्रमण से मुक्त जमीन की कीमत लगभग 12 करोड़

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ग्राम खोदना खुर्द में करीब 6000 वर्ग मीटर जमीन पर अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया, जिसकी कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये होने का आकलन है। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर भूलेख और परियोजना विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की है। परियोजना विभाग के वर्क सर्किल दो की तरफ से यह कार्रवाई की गई है। कॉलोनाइजर यहां प्लॉटिंग करने की कोशिश कर रहे थे। ग्रेनो प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने चेतावनी दी, कि अधिसूचित एरिया में अनुमति के बिना या फिर नक्शा पास कराए बिना अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसीईओ ने जनमानस से अपील की है कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। अवैध कॉलोनी में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं।
प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि ग्राम खोदना खुर्द के खसरा संख्या 502 की जमीन पर कॉलोनाइजर प्लॉटिंग की कोशिश कर रहे थे। यह प्राधिकरण की अर्जित एवं कब्जा प्राप्त भूमि है। प्राधिकरण के वर्क सर्किल 2 के वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में प्रबंधक रोहित गुप्ता, सुपरवाइजर व प्राधिकरण सुरक्षाकर्मियों की टीम ने सोमवार दोपहर बाद यह कार्रवाई की। कार्रवाई लगभग दो घंटे चली। अधिकारियों ने दोबारा निर्माण करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।




