लगातार दूसरे वर्ष श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) कॉलेज ने रचा इतिहास : विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर छात्रा कुमारी निकिता को दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक से सम्मानित
लगातार दूसरे वर्ष श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) कॉलेज ने रचा इतिहास : विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर छात्रा कुमारी निकिता को दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक से सम्मानित

दनकौर।श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) कॉलेज, दनकौर ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परचम लहराते हुए इतिहास रच दिया है। महाविद्यालय की मेधावी छात्रा कुमारी निकिता ने बी.ए. तृतीय वर्ष की परीक्षा में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ से संबद्ध समस्त महाविद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय, जनपद गौतम बुद्ध नगर एवं अपने परिवार का नाम गौरवान्वित किया है। उल्लेखनीय है कि यह लगातार दूसरे वर्ष है जब श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) कॉलेज के विद्यार्थी ने विश्वविद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अर्जित किया है।इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए 22 जुलाई, 2026 को आयोजित विश्वविद्यालय के भव्य दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल तथा माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) संगीता शुक्ला ने कुमारी निकिता को स्वर्ण पदक (Gold Medal) एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।कुमारी निकिता की यह सफलता उनकी अथक मेहनत, अनुशासन, दृढ़ संकल्प एवं उत्कृष्ट अध्ययन का परिणाम है। साथ ही यह श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) कॉलेज में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, अनुभवी प्राध्यापकों के मार्गदर्शन, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति महाविद्यालय की प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक रजनीकांत अग्रवाल ने छात्रा को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियाँ संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और उत्कृष्टता का परिचायक हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वात्स ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कुमारी निकिता की यह सफलता सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा यह उपलब्धि महाविद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भी महाविद्यालय के विद्यार्थी शिक्षा, अनुसंधान एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने कुमारी निकिता को इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से पूरे महाविद्यालय परिसर में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण है।




