गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के CATC-130 शिविर के नौवें दिन पर्यावरण संरक्षण पर विशेषज्ञ व्याख्यान, जल संरक्षण एवं अपशिष्ट प्रबंधन का दिया संदेश
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के CATC-130 शिविर के नौवें दिन पर्यावरण संरक्षण पर विशेषज्ञ व्याख्यान, जल संरक्षण एवं अपशिष्ट प्रबंधन का दिया संदेश

ग्रेटर नोएडा । गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय परिसर में 37 यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-130) के नौवें दिन कैडेटों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से “पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास” विषय पर एक प्रेरणादायी विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया।इस अवसर पर गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलसचिव (Registrar) प्रोफेसर चंद्र कुमार सिंह ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में कैडेटों को संबोधित किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता बताते हुए जल संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग, बढ़ते जल संकट, अपशिष्ट प्रबंधन (Waste Management) तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रो. सिंह ने कैडेटों को विशेष रूप से भूजल एवं पेयजल में पाए जाने वाले आर्सेनिक (Arsenic) जैसे हानिकारक तत्वों के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा ऐसे दूषित जल के सेवन से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह जल का अनावश्यक दोहन रोकते हुए उसकी प्रत्येक बूंद का संरक्षण करे। उन्होंने कैडेटों से दैनिक जीवन में जल बचाने, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्टों का वैज्ञानिक प्रबंधन अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का आह्वान किया।अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज का युवा यदि पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनता है तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है। एनसीसी कैडेट समाज में पर्यावरण संरक्षण के सशक्त दूत बनकर जन-जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।व्याख्यान के दौरान कैडेटों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका प्रो. सिंह ने सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में कैडेटों ने जल संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सदैव जागरूक रहने तथा समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।शिविर का संचालन एवं मार्गदर्शन 37 यूपी बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल संदीप पांडेय, कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट मनीष डोगरा तथा सूबेदार मेजर हरविंदर सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है। उनके निर्देशन में कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण, नेतृत्व विकास, व्यक्तित्व निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रसेवा से संबंधित विविध गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।उक्त कार्यक्रम का सफल समन्वयन डॉ. नितेश सिंह भाटी, सहायक आचार्य, स्कूल ऑफ इन्फॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी (SOICT) एवं एनसीसी समन्वयक, गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय द्वारा किया गया। कार्यक्रम में सभी एनसीसी अधिकारी (ANOs), पीआई स्टाफ तथा लगभग 620 एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे।




