गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस के चुनावी अभियान का आगाज़, 6 अगस्त से निकलेगी ‘जनसंवाद संकल्प यात्रा’
गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस के चुनावी अभियान का आगाज़, 6 अगस्त से निकलेगी ‘जनसंवाद संकल्प यात्रा’
घर-घर पहुंचकर जनता से संवाद करेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता, दादरी से होगी यात्रा की शुरुआत

ग्रेटर नोएडा। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने गौतमबुद्ध नगर में अपने चुनावी अभियान का बिगुल फूंक दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी ने ग्रेटर नोएडा के स्वर्ण नगरी स्थित प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में ‘जनसंवाद संकल्प यात्रा’ की घोषणा की। जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने बताया कि यह यात्रा 6 अगस्त से दादरी विधानसभा क्षेत्र से शुरू होगी, जिसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से सीधा संवाद करेंगे। अगले चरण में यात्रा का विस्तार जेवर विधानसभा सहित जनपद के अन्य क्षेत्रों में किया जाएगा।
दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि जनसंवाद संकल्प यात्रा केवल चुनावी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतने और उनकी समस्याओं को समझने का अभियान है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता गांवों, कस्बों, शहरों और आवासीय सोसायटियों में पहुंचकर नागरिकों से संवाद करेंगे तथा उन्हें कांग्रेस की नीतियों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से अवगत कराएंगे।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं को चिन्हित किया जाएगा और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल कराने का संकल्प लिया जाएगा। अभियान के तहत घर-घर संपर्क, नुक्कड़ सभाएं, जनचौपाल और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस विशेष रूप से छात्रों, किसानों, बेरोजगार युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और छोटे व्यापारियों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनेगी और उन्हें पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और पेपर लीक जैसी घटनाओं से आम जनता परेशान है। कांग्रेस इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर जनता की आवाज बनने का काम करेगी।दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि जनसंवाद संकल्प यात्रा का उद्देश्य केवल चुनाव की तैयारी नहीं, बल्कि जनता के साथ स्थायी संवाद स्थापित कर उनकी आकांक्षाओं को राजनीतिक प्राथमिकताओं में शामिल करना है। उन्होंने जनपद के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और जागरूक नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।पत्रकार वार्ता में मुकेश शर्मा, रिजवान चौधरी, नीरज लोहिया, निशा शर्मा, आर.के. प्रथम, कपिल भाटी, धर्म सिंह, अरुण भाटी, सुबोध भट्ट सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।




