अखिलेश यादव के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के मामले में बिसरख थाने में शिकायत
अखिलेश यादव के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के मामले में बिसरख थाने में शिकायत

ग्रेटर नोएडा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ कथित रूप से अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अक्षय चौधरी के नेतृत्व में बिसरख थाने में शिकायत देकर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।शिकायत में आम्रपाली सेंचुरियन पार्क, ग्रेटर नोएडा निवासी एक महिला द्वारा कथित रूप से अखिलेश यादव के खिलाफ गाली-गलौज एवं आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उक्त टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है।इस मौके पर अक्षय चौधरी ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी भी राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधि के खिलाफ इस तरह की अमर्यादित और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने पुलिस प्रशासन से महिला के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
अक्षय चौधरी ने कहा कि संबंधित महिला को अपनी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माननीय अखिलेश यादव से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में बिसरख थाने में लिखित शिकायत दी गई है और पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा है।इस दौरान समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष दीपक नागर, समाजवादी लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष प्रतीक भाटी, छात्रसभा के प्रदेश सचिव प्रशांत भाटी, पूर्व छात्रसभा जिलाध्यक्ष हैप्पी पंडित, अमन भाटी एवं जिला सचिव इमरान मलिक सहित अन्य समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।अक्षय चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान में विश्वास रखती है तथा किसी भी व्यक्ति द्वारा की गई अभद्रता या अपमानजनक टिप्पणी का विरोध करती है। पुलिस प्रशासन से मांग है कि शिकायत पर संज्ञान लेते हुए नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाए।




