ग्रेटर नोएडा में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चला अभियान, 16 हजार रुपये का जुर्माना
ग्रेटर नोएडा में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चला अभियान, 16 हजार रुपये का जुर्माना

ग्रेटर नोएडा। शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता एवं कार्रवाई अभियान चलाया। इस दौरान प्रतिबंधित पॉलिथीन का इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी संचालकों पर कार्रवाई करते हुए पॉलिथीन जब्त की गई और करीब 16 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत कासना, सेक्टर डेल्टा-1 मार्केट समेत ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों, व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी संचालकों को प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने के लिए जागरूक किया।
अभियान के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक और प्रतिबंधित पॉलिथीन का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा खुले में कूड़ा डालने वालों पर भी जुर्माना लगाया गया।प्राधिकरण की ओर से प्लास्टिक प्रदूषण रोकने और शहर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए लगातार ऐसे अभियान चलाए जा रहे हैं। एसीईओ सुमित यादव ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करें और इसके विकल्प के रूप में कपड़े व जूट के थैलों को अपनाएं। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 का पालन करने की भी अपील की।प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि शहर को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए जागरूकता के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी जारी रहेगी।





