23 सितंबर को सूरजपुर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करेगा भाकियू (कृषक शक्ति)
23 सितंबर को सूरजपुर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करेगा भाकियू (कृषक शक्ति)

ग्रेटर नोएडा। भारतीय किसान यूनियन (कृषक शक्ति) ने किसानों की लंबित मांगों को लेकर 23 सितंबर को सूरजपुर कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमन ठाकुर ने स्वर्ण नगरी स्थित प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आंदोलन की रूपरेखा की जानकारी दी।उन्होंने बताया कि संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता दुर्गा गोल चक्कर से पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे, जहां जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। संगठन की प्रमुख मांगों में पात्र किसानों को 10 प्रतिशत आबादी प्लॉट का आवंटन, वर्ष 2013 के भूमि अधिग्रहण कानून को लागू करना, सर्किल रेट में संशोधन, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण में समान नीति व समान मुआवजा तथा स्थानीय युवाओं को उद्योगों और विकास परियोजनाओं में रोजगार देना शामिल है।प्रेसवार्ता के दौरान संगठन ने गाजियाबाद के खोड़ा निवासी अनीश शर्मा को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। संगठन के मुताबिक अनीश शर्मा अपने समर्थकों के साथ भारतीय किसान यूनियन (कृषक शक्ति) में शामिल हुए। राष्ट्रीय नेतृत्व ने उनका स्वागत किया।इस दौरान राष्ट्रीय संरक्षक हरिप्रताप सिंह छौकर, राष्ट्रीय महासचिव राम भरोसे शर्मा, राष्ट्रीय प्रवक्ता रविंद्र प्रधान व शाहिद खान, राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुनील शर्मा, राष्ट्रीय सचिव बंटी भाटी, युवा प्रदेश अध्यक्ष रिजवान खान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




