किसानों की 14 सूत्रीय मांगों को लेकर भाकियू भानू ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
किसानों की 14 सूत्रीय मांगों को लेकर भाकियू भानू ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

ग्रेटर नोएडा। भारतीय किसान यूनियन भानू के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर योगेश प्रताप के प्रदेशव्यापी आह्वान पर गौतमबुद्ध नगर जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में जैविक खेती को बढ़ावा देने सहित किसानों से जुड़ी विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।भाकियू भानू ने कहा कि पूर्व में प्रदेश कार्यालय इमलिया, एटा से प्रधानमंत्री आवास तक पैदल मार्च निकाला गया था, जिसे गौतमबुद्ध नगर प्रशासन ने रोक दिया था। सांसद महेश शर्मा के आश्वासन के बाद 9 फरवरी 2025 को प्रदेश अध्यक्ष की पैदल यात्रा समाप्त की गई थी। संगठन का आरोप है कि आश्वासन के बावजूद अब तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।संगठन ने चेतावनी दी कि 4 अक्टूबर 2026 तक मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 5 अक्टूबर को सांसद महेश शर्मा से वार्ता कर जवाब मांगा जाएगा।ज्ञापन में सर्किल रेट बढ़ाने, 2013 के भूमि अधिग्रहण कानून को लागू करने, 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर ब्याज सहित देने, आबादी निस्तारण और किसानों को 10 प्रतिशत आवासीय प्लॉट का लाभ देने की मांग की गई। इसके अलावा ननुआ का राजपुर में अवैध निर्माण हटाने, किसानों की आबादी को सुरक्षित रखने, दनकौर विकासखंड को बहाल करने और सरकारी अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाने की मांग भी उठाई गई।किसानों ने गांवों में सामुदायिक भवन व पुस्तकालय खोलने, निजी विद्यालयों व विश्वविद्यालयों में स्थानीय युवाओं को प्रवेश में प्राथमिकता और शुल्क में छूट देने तथा जिले के उद्योगों में कम से कम 75 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग रखी। दादरी तहसील के कोट गांव में सड़क पर अंडरपास बनाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष कौशल भाटी, पश्चिमी उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष संजय नागर, जिला अध्यक्ष राजकुमार नागर, एनसीआर अध्यक्ष सुनील अवाना, प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष भाटी, प्रेम सिंह भाटी, भानु प्रकाश, तहसील अध्यक्ष दादरी, नोएडा महानगर अध्यक्ष राजबीर मुखिया सहित संगठन के कई पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे।




