GautambudhnagarGreater noida news

गौतमबुद्धनगर में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण शुरू, 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम

गौतमबुद्धनगर में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण शुरू, 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम

चार दिन विशेष अभियान चलाकर मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की समस्याओं का समाधान करेंगे बीएलओ, 4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन

ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर में मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इस दौरान आलेख्य मतदाता सूची की बूथवार मुद्रित एवं डिजिटल प्रतियां राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गईं।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, अपात्र नाम हटवाने और पहले से दर्ज विवरण में संशोधन कराने के लिए दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इस दौरान पात्र नागरिक अपने संबंधित मतदान केंद्र, बीएलओ अथवा निर्वाचन कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। वहीं, 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों सभी संबंधित मतदान केंद्रों पर बीएलओ मौजूद रहकर मतदाताओं की सहायता करेंगे।उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6, नाम हटवाने के लिए फार्म-7 और नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 भरना होगा। मतदाता ऑनलाइन माध्यम से भी https://voters.eci.gov.in/⁠ पर आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।

जनपद में 15.27 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार गौतमबुद्धनगर की तीनों विधानसभा सीटों पर कुल 15,27,428 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें नोएडा विधानसभा क्षेत्र में 5,93,236, दादरी में 6,17,352 और जेवर विधानसभा क्षेत्र में 3,16,840 मतदाता शामिल हैं। कुल मतदाताओं में 8,34,652 पुरुष, 6,92,729 महिलाएं और 47 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं।उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, महिलाओं और अन्य पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं के नामों की नियमानुसार जांच की जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए आरडब्ल्यूए, एओए, औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा।

निर्वाचन संबंधी जानकारी और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 एवं 0120-2978702 जारी किए गए हैं। मतदाता ईसीआईनेट मोबाइल ऐप पर उपलब्ध ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के माध्यम से भी संबंधित बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

बैठक में भाजपा, सपा, बसपा और आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधियों सहित अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह, एसडीएम दादरी अरुण कुमार, एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता और एसडीएम जेवर दुर्गेश सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button