GautambudhnagarGreater noida news

साइट-4 में भक्ति और देशभक्ति की प्रस्तुतियों से हुआ विजय महोत्सव 2026 का भव्य आगाज, 800 से अधिक बच्चों ने लिया हिस्सा

साइट-4 में भक्ति और देशभक्ति की प्रस्तुतियों से हुआ विजय महोत्सव 2026 का भव्य आगाज, 800 से अधिक बच्चों ने लिया हिस्सा

ग्रेटर नोएडा। श्री रामलीला कमेटी, ग्रेटर नोएडा की ओर से आयोजित विजय महोत्सव 2026 का शुभारंभ साइट-4 स्थित सेंट्रल पार्क में भक्ति एवं देशभक्ति संगीत-नृत्य प्रतियोगिता के साथ धूमधाम से हुआ। प्रतियोगिता में शहर और ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों तथा नृत्य अकादमियों के 800 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कमेटी के अध्यक्ष सरदार मनजीत सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर कमेटी के सदस्यों ने यज्ञ किया और प्रतियोगिता के निर्णायकों ने भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। प्रतियोगिता में बच्चों ने भक्ति और देशभक्ति गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कमेटी के महासचिव बिजेंद्र सिंह आर्य ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रेटर नोएडा के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मंच प्रदान करना तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है। इस बार प्रतियोगिता में 20 स्कूलों और 20 नृत्य अकादमियों के 800 से अधिक बच्चे हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में कुल 40 प्रस्तुतियां निर्धारित की गई हैं, जिन्हें भक्ति, देशभक्ति और अकादमी सहित तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है। सभी श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

कमेटी के मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि खबर लिखे जाने तक प्रतियोगिता जारी थी। विजेताओं की घोषणा कार्यक्रम के समापन के बाद की जाएगी। उन्होंने बताया कि विजय महोत्सव का आयोजन 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर सरदार मनजीत सिंह, बिजेंद्र सिंह आर्य, धर्मपाल भाटी, मनोज गर्ग, सौरभ बंसल, विनोद कसाना, कुलदीप शर्मा, कमल सिंह आर्य, हरेंद्र भाटी, केके शर्मा, अमित गोगल, मुकेश शर्मा, मुकुल गोयल, अरुण गुप्ता, अनिल कसाना, सुनील प्रधान, अजय रामपुर, गिरीश जिंदल, अतुल जिंदल, विशाल जैन, मनोज यादव, श्यामवीर भाटी, दीपक भाटी, विकास भाटी, रिंकू भाटी, अंकुर गर्ग, प्रभाकर देशमुख और प्रमोश मास्टर सहित कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button