यूपीआईटीएस-2026 में दिखेगी उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और सांस्कृतिक ताकत | 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होगा आयोजन, 2400 से अधिक प्रदर्शक और 85 देशों के 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार होंगे शामिल
यूपीआईटीएस-2026 में दिखेगी उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और सांस्कृतिक ताकत
25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होगा आयोजन, 2400 से अधिक प्रदर्शक और 85 देशों के 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार होंगे शामिल

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश को वैश्विक सोर्सिंग हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस)-2026 का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया जाएगा। आयोजन में 2400 से अधिक प्रदर्शकों, 1.5 लाख से अधिक बीटूबी खरीदारों और 4.5 लाख से अधिक सामान्य आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है। वहीं 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार भी इसमें भाग लेंगे। उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।एमएसएमई विभाग के मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि यूपीआईटीएस प्रदेश के उद्यमियों, निर्माताओं, निर्यातकों और कारोबारियों को देश-दुनिया के बाजारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां हैं और सरकार इन्हें वैश्विक बाजारों तक पहुंच दिलाने के लिए मजबूत कारोबारी माहौल तैयार कर रही है।इस बार आयोजन में ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम समेत छह पार्टनर देश शामिल होंगे। अब तक 72 देशों से विदेशी खरीदारों के पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं। बीटूबी मैचमेकिंग, नेटवर्किंग और बिजनेस सेशंस के जरिए खरीदारों और प्रदर्शकों को सीधे कारोबारी संवाद का अवसर मिलेगा।
——————
‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन’ होगा आकर्षण
यूपीआईटीएस-2026 में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ के साथ इस बार ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन’ को भी विशेष पहचान दी जाएगी। प्रदेश के विभिन्न जिलों के पारंपरिक व्यंजन, पाक विधियां और खाद्य विरासत देश-विदेश के सामने प्रस्तुत की जाएगी। इसके साथ ही हस्तशिल्प, हैंडलूम, टेक्सटाइल, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, ऑटोमोबाइल, ईवी, रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, स्वास्थ्य, फार्मास्यूटिकल्स, पर्यटन, रियल एस्टेट, नवीकरणीय ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।पांच दिवसीय आयोजन में बिजनेस एंगेजमेंट, ज्ञान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव परफॉर्मेंस, अवॉर्ड समारोह, फैशन शो और लेजर शो भी होंगे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल ट्रेड, फूड प्रोसेसिंग, एमएसएमई और वैश्विक व्यापार समझौतों जैसे विषयों पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे।
——————-
पिछले संस्करण की सफलता के बाद बढ़ा दायरा
आयोजकों के अनुसार, 2025 के यूपीआईटीएस में 5,07,099 आगंतुक पहुंचे थे, जिनमें 1,40,735 बीटूबी आगंतुक शामिल थे। 35 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में आयोजित प्रदर्शनी में 2,228 प्रदर्शकों ने हिस्सा लिया था। 85 देशों के 550 से अधिक विदेशी खरीदारों की भागीदारी रही थी। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 2025 संस्करण में 1,882 करोड़ रुपये मूल्य के 2,400 से अधिक एमओयू तथा 11,200 करोड़ रुपये से अधिक की बिजनेस इन्क्वायरी दर्ज की गई थी।इस वर्ष यूपीआईटीएस ऐप के माध्यम से प्रदर्शकों और खरीदारों को डिजिटल मैचमेकिंग तथा पहले से बीटूबी बैठकें तय करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। आयोजन का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के एमएसएमई, ओडीओपी, मैन्युफैक्चरिंग, कृषि, निर्यात, नवाचार और सेवा क्षेत्र को देश-विदेश के बड़े बाजारों से जोड़ना है।




