यमुना एक्सप्रेसवे बस हादसा: घायल महिला से मिले जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, 50 हजार का सहायता चेक सौंपा
यमुना एक्सप्रेसवे बस हादसा: घायल महिला से मिले जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, 50 हजार का सहायता चेक सौंपा

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे के 33वें किलोमीटर पर डबल डेकर बस में आग लगने की दर्दनाक घटना में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि हादसे में घायल रेखा भारद्वाज का जेवर स्थित आरोग्य हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है।घटना की जानकारी के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायल महिला को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी।गुरुवार को जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह आरोग्य हॉस्पिटल पहुंचे और घायल रेखा भारद्वाज से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा घोषित 50 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक घायल महिला को सौंपा। विधायक ने चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी लेते हुए बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।इस दौरान धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे का हादसा बेहद हृदयविदारक है। मृतकों के परिवारों के दुख की भरपाई किसी भी सहायता से संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और घायल महिला को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
विधायक ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति, शोक संतप्त परिवारों को दुख सहने की शक्ति और घायल महिला के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।




