सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन

ग्रेटर नोएडा | गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (GIMS), ग्रेटर नोएडा द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत एपीएल अपोलो फाउंडेशन के सहयोग से 18,19 एवं 21 सितंबर 2026 को सुदेश गुप्ता स्वास्थ्य केंद्र में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर (स्पेशलिस्ट ओपीडी ) का सफल आयोजन किया गया।
इस विशेष चिकित्सा शिविर में जिम्स , ग्रेटर नोएडा के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। शिविर में बाल रोग विशेषज्ञ, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ तथा मेडिसिन विशेषज्ञ द्वारा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।तीन दिवसीय शिविर के दौरान कुल 298 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श किया गया, जिनमें 114 पुरुष, 139 महिलाएँ तथा 45 बच्चे शामिल थे। मरीजों को आवश्यक सामान्य दवाइयाँ श्री सुदेश गुप्ता स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से निःशुल्क वितरित की गईं।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करना तथा उन्हें सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना था। जिम्स द्वारा इस प्रकार के सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों के माध्यम से संस्थान की जनसेवा एवं सामुदायिक स्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।
जिम्स , ग्रेटर नोएडा ने इस सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने के लिए एपीएल अपोलो फाउंडेशन एवं सहमंत्रण टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही, सुदेश गुप्ता स्वास्थ्य केंद्र की पूरी टीम के समर्पण, उत्कृष्ट समन्वय एवं अथक प्रयासों की सराहना की। शिविर को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
जिम्स भविष्य में भी विभिन्न सहयोगी संस्थानों के साथ मिलकर ग्रामीण एवं वंचित समुदायों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।




