HIMT कॉलेज ऑफ फार्मेसी में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस ICIRIPAS-2026 संपन्न
HIMT कॉलेज ऑफ फार्मेसी में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस ICIRIPAS-2026 संपन्न

ग्रेटर नोएडा, 19 सितंबर। ग्रेटर नोएडा स्थित HIMT कॉलेज ऑफ फार्मेसी में फार्मास्युटिकल एवं संबंधित विज्ञानों में शोध और उद्योग के बीच बेहतर समन्वय को लेकर आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस ICIRIPAS-2026 सफलतापूर्वक संपन्न हुई। 18 और 19 सितंबर को आयोजित कॉन्फ्रेंस में भारत सहित विदेशों से 300 से अधिक शिक्षाविद, शोधकर्ता, इंडस्ट्री विशेषज्ञ, फैकल्टी सदस्य और छात्र शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कॉन्फ्रेंस में विशेषज्ञों ने फार्मास्युटिकल टेक्नोलॉजी, नैनो फॉर्मूलेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित स्वास्थ्य सेवाओं, बायोसिमिलर्स, बायोलॉजिक्स मैन्युफैक्चरिंग और कैंसर उपचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान दिए।
मुख्य अतिथि प्रो. विभु साहनी ने छात्रों के लिए केवल सैद्धांतिक शिक्षा तक सीमित न रहकर व्यावहारिक एवं इंडस्ट्री आधारित कौशल विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, विभिन्न तकनीकी सत्रों में देश-विदेश के विशेषज्ञों ने अपने शोध एवं अनुभव साझा किए।
कॉन्फ्रेंस के दौरान पोस्टर और मौखिक शोध प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं, जिसमें युवा शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों ने अपने वैज्ञानिक कार्य प्रस्तुत किए। समापन समारोह में वक्ताओं, प्रतिनिधियों, शोधकर्ताओं और छात्रों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के आयोजन सचिव डॉ. विनोद गहलोत ने सभी का आभार व्यक्त किया।




