असेन्सो टायर्स का बड़ा ऐलान, भारत में माइनिंग टायर निर्माण के लिए करेगी 100 मिलियन डॉलर का निवेश
असेन्सो टायर्स का बड़ा ऐलान, भारत में माइनिंग टायर निर्माण के लिए करेगी 100 मिलियन डॉलर का निवेश
49 इंच तक के विशाल ऑल-स्टील रेडियल माइनिंग टायर भारत में होंगे तैयार, प्रमुख खनन क्षेत्रों में तैनात होंगे फील्ड एप्लीकेशन इंजीनियर

ग्रेटर नोएडा/मुंबई। भारत में कोयला, लौह अयस्क और महत्वपूर्ण खनिजों के बढ़ते खनन के बीच ऑफ-हाईवे टायर ब्रांड असेन्सो टायर्स ने माइनिंग क्षेत्र में बड़े विस्तार की घोषणा की है। कंपनी भारत में विश्वस्तरीय ऑल-स्टील रेडियल माइनिंग टायर निर्माण क्षमता विकसित करने के लिए 100 मिलियन अमेरिकी डॉलर का निवेश करेगी। कंपनी का लक्ष्य भारत में निर्मित टायरों के जरिए घरेलू खनन उद्योग की जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ वैश्विक बाजार में भी अपनी मौजूदगी बढ़ाना है।असेन्सो ने अपने ऑल-स्टील रेडियल ऑफ-द-रोड पोर्टफोलियो को 25 इंच से बढ़ाकर 49 इंच तक के विशाल माइनिंग टायरों तक पहुंचा दिया है। कंपनी के अनुसार, इससे निर्माण, क्वारिंग और बड़े ओपन-पिट माइनिंग ऑपरेशनों के लिए टायर उपलब्ध कराए जा सकेंगे। इससे भी बड़े आकार के टायरों पर विकास कार्य चल रहा है।
कंपनी ने बताया कि प्रस्तावित 100 मिलियन डॉलर का निवेश उन्नत विनिर्माण ढांचे, रेडियल टायर तकनीक, उत्पाद विकास एवं परीक्षण सुविधाओं, इंजीनियरिंग प्रतिभा और भविष्य में उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर किया जाएगा। खास बात यह है कि इन टायरों को भारत में ही डिजाइन, इंजीनियर और निर्मित किया जा रहा है।
खनन क्षेत्रों में तैनात होंगे इंजीनियर
असेन्सो ने ग्राहकों की वास्तविक जरूरतों और खदानों की परिस्थितियों को समझने के लिए भारत सहित प्रमुख वैश्विक खनन बाजारों में 15 से अधिक फील्ड एप्लीकेशन इंजीनियर तैनात करने की योजना बनाई है। ये इंजीनियर खदानों में टायरों के प्रदर्शन, घिसाव और परिचालन परिस्थितियों का अध्ययन कर उनकी रिपोर्ट कंपनी के R&D केंद्र तक पहुंचाएंगे।कंपनी के मुताबिक, झारखंड और ओडिशा के कोयला क्षेत्रों से लेकर छत्तीसगढ़ और कर्नाटक के लौह अयस्क क्षेत्रों तक ग्राहकों के साथ सीधे काम किया जाएगा। इससे वास्तविक परिस्थितियों के आधार पर टायरों के डिजाइन और तकनीक को लगातार बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
2027-28 तक नए उत्पादों का रोडमैप
असेन्सो ने रेडियल OTR टायरों के लिए 2027 और 2028 तक का बहु-वर्षीय तकनीकी रोडमैप भी तैयार किया है। इसमें माइनिंग, अर्थमूविंग और लोडर अनुप्रयोगों के लिए नए आकार और ट्रेड पैटर्न शामिल किए जाएंगे।असेन्सो टायर्स के प्रबंध निदेशक योगेश महानसारिया ने कहा कि 100 मिलियन डॉलर का निवेश केवल उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि भारत में विश्वस्तरीय रेडियल माइनिंग टायर इंजीनियरिंग और निर्माण क्षमता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं, कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धवल नानावटी ने कहा कि 49 इंच के विशाल माइनिंग टायरों का भारत में इंजीनियर और निर्मित होना कंपनी के साथ-साथ भारतीय विनिर्माण क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है।




