GautambudhnagarGreater noida news

मेट्रो यूनिवर्सिटी में तीन दिवसीय छात्र अभिमुखीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ

मेट्रो यूनिवर्सिटी में तीन दिवसीय छात्र अभिमुखीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ

चांसलर डॉ. (प्रो.) पुरुषोत्तम लाल ने कहा—“सीखने की कोई सीमा नहीं है”

ग्रेटर नोएडा, 1 सितंबर 2026। मेट्रो यूनिवर्सिटी, ग्रेटर नोएडा में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए तीन दिवसीय छात्र अभिमुखीकरण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। 1 से 3 सितंबर तक आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, नीतियों और विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराने के साथ उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम की शुरुआत पंजीकरण, स्वागत सामग्री वितरण, हवन एवं आशीर्वाद के बाद दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् के साथ हुई।

विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. (प्रो.) पुरुषोत्तम लाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “सीखने की कोई सीमा नहीं है।” उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, नए कौशल विकसित करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

प्रो-चांसलर डॉ. सुनीता सिंह ने सकारात्मक सोच, अनुशासन और परिश्रम को सफलता का आधार बताया। कुलपति डॉ. राजेश पाठक ने शिक्षा के साथ कौशल विकास, अनुसंधान, नवाचार और तकनीकी दक्षता पर जोर दिया।

गवर्निंग बॉडी की सदस्य पूनम लाल, डॉ. सोनिया लाल गुप्ता, डॉ. समीर गुप्ता और डॉ. साहिल लाल ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि ज्ञान, कौशल, संस्कार और आत्मविश्वास के साथ अपने व्यक्तित्व का निर्माण करना होना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संकायों के अधिष्ठाताओं और शिक्षकों का परिचय कराया गया तथा विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक यात्रा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

अभिमुखीकरण कार्यक्रम के दूसरे दिन शैक्षणिक नीति, एंटी-रैगिंग नीति, परीक्षा प्रणाली, एलएमएस, अनुसंधान और नवाचार जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। न्यूज़18 इंडिया के रोविंग एडिटर प्रतीक त्रिवेदी विद्यार्थियों से विशेष संवाद करेंगे।

कार्यक्रम के तीसरे दिन कृत्रिम बुद्धिमत्ता और भविष्य के करियर पर विशेष परिचर्चा, आत्म-जागरूकता एवं मानसिक संतुलन से जुड़े सत्र तथा प्रतिभा खोज और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के गणमान्य सदस्य, अधिष्ठाता, शिक्षक, अधिकारी और बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button