एनपीसीएल अधिकारियों के साथ आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों की अहम बैठक, विद्युत समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन
एनपीसीएल अधिकारियों के साथ आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों की अहम बैठक, विद्युत समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा की विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर एनपीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों और फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए एवं विभिन्न सेक्टरों के आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों के बीच सेक्टर पी-3 स्थित उद्मन होटल में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर ने की।
बैठक में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने शहर में खुले और क्षतिग्रस्त फीडर बॉक्स, खुले विद्युत केबल, फीडर बॉक्स पर लगाए जा रहे अवैध पोस्टर व विज्ञापन, पुरानी 33 केवी ओपन विद्युत लाइनों को हटाने, विद्युत उपकेंद्रों की नियमित सफाई सहित सुरक्षा और रखरखाव से जुड़ी कई समस्याएं एनपीसीएल अधिकारियों के सामने रखीं।
प्रतिनिधियों ने कहा कि खुले फीडर बॉक्स और विद्युत केबल आम लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए।
एनपीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त फीडर बॉक्स को बदलने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा और सभी फीडर बॉक्स पर उचित लॉक लगाए जाएंगे। इसके अलावा खुले केबल, अनावश्यक विज्ञापन-पोस्टर तथा अन्य विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।बैठक में एडवोकेट दीपक भाटी, डॉ. विकास जतन प्रधान, अमित भाटी, प्रमोद भाटी, बॉबी भाटी, आलोक नागर, ब्रजेश भाटी, हरेंद्र भाटी, डॉ. अजय भाटी, मधुर गोयल, परितोष पाटी, अश्विनी यादव, सुशील पाल सहित विभिन्न सेक्टरों के आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि मौजूद रहे।
आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि बैठक में उठाई गई समस्याओं पर समयबद्ध कार्रवाई होगी और की गई कार्रवाई की जानकारी आरडब्ल्यूए को भी उपलब्ध कराई जाएगी।




