सीबीएसई फुटबॉल क्लस्टर 2026 का भव्य समापन, तीनों वर्गों में विजेता टीमों ने लहराया परचम
सीबीएसई फुटबॉल क्लस्टर 2026 का भव्य समापन, तीनों वर्गों में विजेता टीमों ने लहराया परचम

ग्रेटर नोएडा। सेक्टर इकोटेक-11 स्थित उमा पब्लिक स्कूल में आयोजित सात दिवसीय सीबीएसई फुटबॉल क्लस्टर चैंपियनशिप 2026 का भव्य समापन खेल-रोमांच और विजयोल्लास के बीच हुआ। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों के खिलाड़ियों ने शानदार कौशल, अनुशासन, टीमवर्क और जुझारूपन का प्रदर्शन किया।सेमीफाइनल मुकाबलों में अंडर-14 वर्ग में एमेनिटी पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर ने सोमरविल स्कूल, ग्रेटर नोएडा को 6-0 से हराया, जबकि पैसिफिक वर्ल्ड स्कूल को 4-0 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। अंडर-17 में एमेनिटी पब्लिक स्कूल ने आर्मी पब्लिक स्कूल को 2-0 और एस्टर पब्लिक स्कूल, डेल्टा-2 ने दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-30, नोएडा को 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अंडर-19 में दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-30 ने मेरठ पब्लिक स्कूल को 4-0 तथा एमेनिटी पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर ने एस्टर पब्लिक स्कूल को 2-0 से मात दी।फाइनल मुकाबलों में अंडर-14 वर्ग में एमेनिटी पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर विजेता और दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-30, नोएडा उपविजेता रहा। अंडर-17 में एस्टर पब्लिक स्कूल, डेल्टा-2 ने खिताब जीता, जबकि एमेनिटी पब्लिक स्कूल उपविजेता रहा। वहीं अंडर-19 में एमेनिटी पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर विजेता और दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-30, नोएडा उपविजेता रहा।समापन समारोह में दादरी के विधायक तेजपाल नागर, भारतीय कुश्ती महासंघ के कोषाध्यक्ष देशपाल, 31 यू.पी. गर्ल्स बटालियन के कर्नल सुमित बाना, गौतमबुद्ध नगर के खेल अधिकारी नरवेज़ अली, विद्यालय के चेयरमैन विपिन भाटी एवं एमडी सचिन चौधरी मौजूद रहे। सीबीएसई पर्यवेक्षक भीम त्यागी एवं धीरेन्द्र ने प्रतियोगिता के सुव्यवस्थित संचालन और खिलाड़ियों की खेल भावना की सराहना की।विद्यालय की प्रधानाचार्या सुनीता शर्मा, विनोद चौधरी, प्रधानाचार्य संजय शर्मा एवं नरेंद्र सिंह चौहान ने विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और संघर्ष की सीख देने वाली सशक्त पाठशाला है।समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को शील्ड, पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन की सफलता में तकनीकी कोच शिवालिक राज तथा प्रशिक्षक हिमांशु राज, अंकित भाटी एवं दीपक भाटी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।वर्षा की फुहारों के बीच भी खिलाड़ियों का उत्साह कम नहीं हुआ। पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल भावना और टीमवर्क की मिसाल पेश की।




