GautambudhnagarGreater noida news

एसडी कन्या इंटर कॉलेज में रक्षाबंधन की अनूठी पहल, छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को बांधा रक्षा सूत्र

एसडी कन्या इंटर कॉलेज में रक्षाबंधन की अनूठी पहल, छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को बांधा रक्षा सूत्र

बिलासपुर। एसडी कन्या इंटर कॉलेज में गुरुवार को रक्षाबंधन पर्व उत्साह और भावनात्मक माहौल में मनाया गया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने अपने हाथों से तैयार किए रक्षा सूत्र बिलासपुर पुलिस चौकी के पुलिसकर्मियों को बांधकर उनके प्रति सम्मान और विश्वास व्यक्त किया। छात्राओं ने पुलिसकर्मियों से समाज की सुरक्षा का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि छात्राओं ने देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के लिए भी राखियां भेजीं। विद्यालय की ओर से करीब 12 वर्षों से सैनिकों को राखियां भेजने की यह परंपरा लगातार जारी है। छात्राओं ने कहा कि सैनिक अपने परिवार से दूर रहकर देश की रक्षा में जुटे रहते हैं, ऐसे में उनके प्रति सम्मान और भाईचारे की भावना व्यक्त करना गर्व की बात है। नगर पंचायत अध्यक्ष लता सिंह की प्रतिनिधि संजय भैया ने रक्षाबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व भाई-बहन के प्रेम के साथ-साथ समाज में सुरक्षा, विश्वास, सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने छात्राओं की इस पहल की सराहना की।विद्यालय की प्रधानाचार्या ममता शर्मा ने कहा कि छात्राओं द्वारा स्वयं रक्षा सूत्र तैयार कर पुलिसकर्मियों को बांधना सामाजिक जुड़ाव और सम्मान का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात समाज की सुरक्षा में जुटे रहते हैं, इसलिए उनके प्रति सम्मान प्रकट करना छात्राओं के लिए गर्व का विषय है। विद्यालय प्रबंधक प्रदीप शर्मा ने रक्षाबंधन की परंपरा और सामाजिक महत्व पर विचार रखते हुए कहा कि यह पर्व हमें एक-दूसरे की सुरक्षा, सम्मान और सहयोग का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के दौरान बिलासपुर चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने छात्राओं से संवाद किया और उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी परेशानी की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं ने भी पुलिसकर्मियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाएं शांत कीं। उप प्रधानाचार्या प्रतिक्षा शर्मा ने भी रक्षाबंधन पर्व की महत्ता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं, नगर पंचायत प्रतिनिधि तथा पुलिस प्रशासन से जुड़े कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों को रक्षा सूत्र बांधने और देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के लिए राखियां भेजने की छात्राओं की पहल ने रक्षाबंधन पर्व को सामाजिक सरोकार और देशभक्ति से जोड़ते हुए सभी का ध्यान आकर्षित किया।

Related Articles

Back to top button