इनोवेटिव इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ‘नवदीक्षा कार्यक्रम’ का भव्य आयोजन
इनोवेटिव इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ‘नवदीक्षा कार्यक्रम’ का भव्य आयोजन

ग्रेटर नोएडा, 19 अगस्त 2026। नॉलेज पार्क-1 स्थित इनोवेटिव इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं उनके नए शैक्षणिक जीवन के शुभारंभ के अवसर पर बुधवार को ‘नवदीक्षा कार्यक्रम’ का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एल.एल.बी., बी.ए. एल.एल.बी., बी.कॉम. एल.एल.बी. एवं एल.एल.एम. के नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ इनोवेटिव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के चेयरमैन डॉ. के.आर. शर्मा, प्रबंधन सदस्य देवाशीष गौड़, शैक्षणिक निदेशक डॉ. तितिक्षा शर्मा एवं वित्त निदेशक उषा शर्मा के मार्गदर्शन एवं शुभकामनाओं के साथ हुआ। डॉ. तितिक्षा शर्मा ने विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि विधि शिक्षा केवल कानून की पुस्तकों और धाराओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह न्याय की समझ, तार्किक सोच, नेतृत्व क्षमता, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने का माध्यम है।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज उनके जीवन में एक नए अध्याय की शुरुआत है। सफलता अनुशासन, निरंतर मेहनत, सही दिशा और सकारात्मक सोच का परिणाम होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करने, नियमित अध्ययन करने और कक्षा में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि ज्ञान, व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता और भविष्य के व्यावसायिक जीवन की मजबूत नींव तैयार करने का मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्थान की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने और अपनी उपलब्धियों से संस्थान का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में पूर्व अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. अर्चना सिन्हा की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ उच्च न्यायालय एवं सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता आर.के. गोयल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए विधि के क्षेत्र में ईमानदारी, मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
डॉ. अर्चना सिन्हा ने विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन एवं न्यायिक सेवा से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन, ईमानदारी और लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पण सफलता की मजबूत आधारशिला हैं। उनके प्रेरणादायी संबोधन से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास का संचार हुआ।
इनोवेटिव इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ के प्रधानाचार्य डॉ. मृत्युंजय पांडेय ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, उपलब्ध सुविधाओं एवं विभिन्न अकादमिक अवसरों की जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का समापन उप-प्रधानाचार्या डॉ. अन्नू बहल मेहरा द्वारा आभार व्यक्त करने के साथ हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ तथा विद्यार्थी स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा।
सम्पूर्ण ‘नवदीक्षा कार्यक्रम’ उत्साह, गरिमा, अनुशासन एवं सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर रहा। कार्यक्रम ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से परिचित कराने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, जिम्मेदारी, अनुशासन और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने की प्रेरणा का संचार किया।




