GautambudhnagarGreater noida news

IBA और यथार्थ अस्पताल के स्वास्थ्य शिविर में 200 से अधिक श्रमिकों-कर्मचारियों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

IBA और यथार्थ अस्पताल के स्वास्थ्य शिविर में 200 से अधिक श्रमिकों-कर्मचारियों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

ग्रेटर नोएडा। औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों एवं कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए), गौतम बुद्ध नगर एवं यथार्थ अस्पताल, ओमेगा-1 के संयुक्त तत्वावधान में जेएमडी कॉरपोरेशन, साइट-5, कासना औद्योगिक क्षेत्र में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 200 से अधिक श्रमिकों, कर्मचारियों एवं उद्यमियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आईआईएलएम विश्वविद्यालय की सहायक प्राध्यापक ईशु चौधरी ने फीता काटकर किया। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को जरूरी बताते हुए कहा कि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में ऐसे स्वास्थ्य शिविरों की महत्वपूर्ण भूमिका है।जेएमडी कॉरपोरेशन के निदेशक एवं आईबीए साइट-5 औद्योगिक क्षेत्र के सचिव वीरेन्द्र रावल ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। शिविर में रक्त शर्करा, रक्तचाप, हृदय जांच, नेत्र परीक्षण सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गईं। चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श दिया तथा जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। यथार्थ अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम एवं विपणन प्रबंधक सोनू कुमार सहित चिकित्सा दल ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि किसी भी उद्योग की सबसे बड़ी ताकत उसकी मशीनें नहीं, बल्कि वहां काम करने वाले स्वस्थ कर्मचारी और श्रमिक हैं। उन्होंने कहा कि समय के अभाव में अनेक श्रमिक नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते, इसलिए आईबीए द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को उद्योगों तक पहुंचाने के लिए लगातार ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

आईबीए महासचिव डॉ. सुनील दत्त शर्मा ने कहा कि स्वस्थ कर्मचारी ही उद्योग की वास्तविक शक्ति हैं और स्वास्थ्य जागरूकता एक बेहतर कार्य संस्कृति की आधारशिला है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी आयोजनों को जारी रखने की बात कही।कार्यक्रम में आईबीए कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेश खन्ना एवं संयुक्त सचिव सी. विकास राय ने भी विचार रखे। आयोजन को सफल बनाने में जेएमडी कॉरपोरेशन की टीम के साथ रचना रावल, वंश रावल, विक्रांत रावल, कृती रावल एवं प्रेरणा रावल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतिभागियों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर साइट-5, कासना एवं द्विविक क्षेत्र चौकी प्रभारी हर्षवर्धन यादव पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए इसे श्रमिकों और औद्योगिक क्षेत्र के लिए उपयोगी पहल बताया।

अंत में आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने जिला प्रशासन, यथार्थ अस्पताल की चिकित्सा टीम, मुख्य अतिथि, जेएमडी कॉरपोरेशन परिवार, पुलिस टीम, उद्यमियों, श्रमिकों, कर्मचारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आईबीए भविष्य में भी स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।

Related Articles

Back to top button