GautambudhnagarGreater noida news

विश्व स्तनपान सप्ताह: होंडा इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम, माताओं को बताए स्तनपान के वैज्ञानिक लाभ

विश्व स्तनपान सप्ताह: होंडा इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम, माताओं को बताए स्तनपान के वैज्ञानिक लाभ

ग्रेटर नोएडा। विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर स्वाभिमान टीम ने होंडा इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से “स्तनपान: आजीवन स्वास्थ्य की मजबूत नींव” थीम पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं और परिवारों को स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ शिशु और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराना रहा।कार्यक्रम में जीआईएमएस के विशेषज्ञ चिकित्सकों, आशा, एएनएम तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। चिकित्सकों ने गर्भवती एवं धात्री माताओं को जन्म के पहले एक घंटे के भीतर शिशु को स्तनपान शुरू कराने, पहले छह माह तक केवल माँ का दूध पिलाने और दो वर्ष तक पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखने के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।विशेषज्ञों ने स्तनपान से जुड़े सामान्य मिथकों और तथ्यों पर चर्चा करते हुए सही स्तनपान तकनीक, शिशु को सही स्थिति में दूध पिलाने तथा दूध पिलाने के बाद डकार दिलाने का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। उन्होंने बताया कि स्तनपान न केवल शिशु के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक है, बल्कि यह माँ के स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी है।कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी में सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार प्रदान किए गए। चिकित्सकों ने परिवार, विशेषकर पति, सास एवं अन्य सदस्यों की सहयोगात्मक भूमिका पर बल देते हुए स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए संतुलित आहार, पर्याप्त पानी तथा आयरन, कैल्शियम और प्रोटीन युक्त भोजन के महत्व पर भी प्रकाश डाला।इस अवसर पर जननी सुरक्षा योजना , प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान , पोषण अभियान एवं वीएचएनडी सहित विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं और सेवाओं की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी गई, ताकि अधिक से अधिक माताएं इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गर्भवती एवं धात्री माताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा समुदाय के अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ समाज में स्तनपान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Related Articles

Back to top button