GautambudhnagarGreater noida newsNPCL

कांवड़ यात्रा के लिए एनपीसीएल अलर्ट, ट्रांसफॉर्मरों की फेंसिंग और बिजली के खंभों पर इंसुलेटेड पाइप से बढ़ाई सुरक्षा

कांवड़ यात्रा के लिए एनपीसीएल अलर्ट, ट्रांसफॉर्मरों की फेंसिंग और बिजली के खंभों पर इंसुलेटेड पाइप से बढ़ाई सुरक्षा

ग्रेटर नोएडा। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) ने अपने लाइसेंस क्षेत्र में व्यापक विद्युत सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सभी प्रमुख कांवड़ मार्गों पर बिजली के खंभों पर एचडीपीई इंसुलेटेड पाइप लगाए गए हैं, जबकि 30 ट्रांसफॉर्मरों की फेंसिंग और बैरिकेडिंग तथा 185 नए अर्थिंग पॉइंट तैयार किए गए हैं। एनपीसीएल ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट लिंक रोड, पुलिस लाइन, सूरजपुर, एलजी चौक, परी चौक–कासना, कासना–सिरसा, सिरसा–खेरली हबीबपुर, सूरजपुर–तिलपता और दनकौर–सिकंदराबाद मार्ग पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है। साथ ही पांच इंजीनियरों की विशेष टीम तैनात की गई है, जो यात्रा के दौरान 24 घंटे बिजली व्यवस्था पर निगरानी रखेगी और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करेगी। मानसून के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए एनपीसीएल ने 6 अतिरिक्त टीमें भी गठित की हैं। इसके साथ ही ‘मानसून विद्युत सुरक्षा जागरूकता अभियान’ शुरू किया गया है, जिसके तहत 100 से अधिक गांवों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को बिजली से जुड़े जोखिमों और बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है। अभियान के तहत बैटरी से संचालित लाउडस्पीकर से लैस तीन बाइक टीमें विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर विद्युत सुरक्षा संदेश प्रसारित कर रही हैं। लोगों को करंट लीकेज, क्षतिग्रस्त बिजली उपकरणों से दूरी बनाए रखने, बिजली के ढांचे के आसपास सावधानी बरतने और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। एनपीसीएल द्वारा विशेष रूप से तैयार ‘मानसून विद्युत सुरक्षा’ पंपलेट भी वितरित किए जा रहे हैं, जिनमें बरसात के मौसम में अपनाई जाने वाली सावधानियां, विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव और आपातकालीन हेल्पलाइन की जानकारी दी गई है। यह जागरूकता अभियान कासना, सूरजपुर, बिलासपुर, तिलपता, जलपुरा, हल्दौनी, घंघोला, बिसरख, कुलेसरा, मकौड़ा, दादहा, सेक्टर-2, सेक्टर-3 सहित ग्रेटर नोएडा के विभिन्न गांवों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर चलाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button