जेपी पब्लिक स्कूल में ‘कॉनकरेंस 10.0’ का भव्य आयोजन, दिल्ली-एनसीआर के 20 स्कूलों के 200 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
जेपी पब्लिक स्कूल में ‘कॉनकरेंस 10.0’ का भव्य आयोजन, दिल्ली-एनसीआर के 20 स्कूलों के 200 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

ग्रेटर नोएडा। साहित्य, कला, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति को समर्पित अंतर-विद्यालयी महोत्सव ‘कॉनकरेंस 10.0’ का भव्य आयोजन जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा में एचटी लिटफेस्ट के सहयोग से उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित आयोजन में दिल्ली-एनसीआर के 20 प्रमुख विद्यालयों के 200 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और नवाचार का शानदार प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में लोटस वैली इंटरनेशनल स्कूल, सोमरविले स्कूल वसुंधरा, प्रज्ञान स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल गामा, जेपी पब्लिक स्कूल नोएडा सहित कई प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। पूरे दिन विद्यालय परिसर साहित्य, संगीत, कला, रंगमंच और रचनात्मक गतिविधियों से गुलजार रहा।महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों के लिए 20 विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें क्रिएटिव बिल्डर्स, वॉइस ऑफ टुमॉरो, श्लोक ज्ञान, TED Talk, शॉर्ट फिल्म मेकिंग, स्टैंड-अप शोडाउन, सस्टेनेबल स्टाइल रैम्प वॉक, स्टोरीटेलिंग विद ए ट्विस्ट, माइम एक्ट, आइकॉनिक मोनोलॉग चैलेंज सहित कई आकर्षक प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। इन आयोजनों ने प्रतिभागियों को अपनी कल्पनाशीलता, अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास और प्रस्तुति कौशल प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान किया।विद्यार्थियों के बौद्धिक और रचनात्मक विकास के उद्देश्य से चार विशेष कार्यशालाओं का भी आयोजन किया गया। प्रसिद्ध लेखिका दिव्या गुप्ता कोटावाला ने लेखन की बारीकियों पर संवाद किया, सीमा वही मुखर्जी ने पपेट स्टोरीटेलिंग की कला सिखाई, सादिया अलीम ने पॉडकास्ट निर्माण की व्यावहारिक जानकारी दी, जबकि अंकुर शर्मा ने ‘रिदमशाला’ के माध्यम से संगीत और लय की रोचक दुनिया से विद्यार्थियों को परिचित कराया। इन सत्रों में विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर बहुमूल्य अनुभव प्राप्त किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मधुर अग्रवाल, हेड ऑफ सर्कुलेशन, हिंदुस्तान टाइम्स रहे। विद्यालय प्रबंधन की ओर से मैनेजर ग्रुप कैप्टन आनंद कुमार की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। उन्होंने कहा कि ऐसे साहित्यिक एवं सांस्कृतिक मंच विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, संवाद कौशल, सृजनात्मक सोच और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।विद्यालय की प्रधानाचार्या मीता भंडूला ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उपलब्धियां नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संवेदनशीलता और रचनात्मकता का समग्र विकास भी है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।उप-प्रधानाचार्या अनीता पिल्लई ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास विकसित करने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस भव्य आयोजन का सफल संचालन इवेंट कोऑर्डिनेटर ऋतु दत्ता के कुशल नेतृत्व में हुआ। विद्यालय की कल्चरल कैप्टन रिदा फातिमा एवं मिहिरा, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। शानदार प्रदर्शन करते हुए जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा ने सर्वाधिक अंक अर्जित कर ओवरऑल विनर ट्रॉफी अपने नाम की। इस उपलब्धि ने विद्यालय की समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।‘कॉनकरेंस 10.0’ केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवा प्रतिभाओं के लिए सीखने, सृजन करने, संवाद स्थापित करने और अपनी क्षमताओं को नई उड़ान देने वाला प्रेरणादायी मंच साबित हुआ।




