GautambudhnagarGreater noida news

ILJIN Electronics अग्निकांड: शहीद अग्निशमन कर्मियों के बलिदान को IBA की श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन

ILJIN Electronics अग्निकांड: शहीद अग्निशमन कर्मियों के बलिदान को IBA की श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन

ग्रेटर नोएडा। उद्योग केंद्र-1, ईकोटेक-3 स्थित ILJIN Electronics Pvt. Ltd. में हुए भीषण अग्निकांड में घायल हुए अग्निशमन विभाग के पाँच कर्मियों में से उपचार के दौरान दो वीर अग्निशमन कर्मियों ने सर्वोच्च बलिदान दे दिया। वहीं तीन अन्य घायल कर्मियों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस दुखद घटना पर इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए ), गौतम बुद्ध नगर ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत अग्निशमन कर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।आईबीए के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि यह हादसा पूरे औद्योगिक जगत के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। उद्योगों, श्रमिकों और जन-धन की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर अग्निशमन कर्मियों का बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत और स्मरणीय रहेगा।उन्होंने कहा कि उन्हें कई अग्निकांडों के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे और उनकी टीम के कार्य को निकट से देखने का अवसर मिला है। उनके अनुसार फायर विभाग के अधिकारी और कर्मचारी हर संकट में अपनी जान की परवाह किए बिना अग्रिम पंक्ति में रहकर लोगों और उद्योगों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। ऐसे वीर जवानों का बलिदान पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।

अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि आईबीए और गौतम बुद्ध नगर का समस्त उद्यमी परिवार शोकाकुल परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही यदि दिवंगत कर्मियों के आश्रितों को भविष्य में रोजगार या अन्य किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी तो IBA और जिले के उद्योगपति अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग प्रदान करेंगे।उन्होंने जिले के सभी उद्योगपतियों, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और सक्षम नागरिकों से अपील की कि इस कठिन समय में शहीद अग्निशमन कर्मियों के परिवारों का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि हमारी छोटी-सी मदद भी इन परिवारों के लिए बड़ा सहारा बन सकती है और यही उन वीरों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी जिन्होंने दूसरों की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

अंत में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए ), गौतम बुद्ध नगर ने दिवंगत वीर अग्निशमन कर्मियों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति, शोक संतप्त परिवारों को यह दुःख सहने की शक्ति तथा घायल अग्निशमन कर्मियों के शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

Related Articles

Back to top button