जीएलबीआईटीएम के दो छात्रों का डीआरडीओ में प्रतिष्ठित शोध इंटर्नशिप के लिए चयन, राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया संस्थान का गौरव
जीएलबीआईटीएम के दो छात्रों का डीआरडीओ में प्रतिष्ठित शोध इंटर्नशिप के लिए चयन, राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया संस्थान का गौरव
समृद्धि श्रीवास्तव और सुंदरम गुप्ता रक्षा अनुसंधान परियोजनाओं पर करेंगे कार्य, संस्थान की शोध एवं नवाचार आधारित शिक्षा को मिली नई पहचान

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा स्थित जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (जीएलबीआईटीएम) के लिए गर्व का क्षण है। संस्थान के दो प्रतिभाशाली छात्रों का चयन देश के प्रतिष्ठित रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) में शोध इंटर्नशिप के लिए हुआ है। यह उपलब्धि छात्रों की प्रतिभा, मेहनत और संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध एवं नवाचार आधारित शिक्षण व्यवस्था का प्रमाण है।बी.टेक कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) पाठ्यक्रम (सत्र 2024–2028) की छात्रा समृद्धि श्रीवास्तव का चयन डीआरडीओ के योजना एवं समन्वय निदेशालय में शोध इंटर्न के रूप में हुआ है। इस दौरान वह रक्षा क्षेत्र की रणनीतिक योजनाओं से जुड़ी परियोजनाओं पर कार्य करेंगी तथा वरिष्ठ वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं के साथ काम करते हुए रक्षा अनुसंधान एवं नवाचार का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगी वहीं, बी.टेक सूचना प्रौद्योगिकी (सत्र 2023–2027) के छात्र सुंदरम गुप्ता का चयन डीआरडीओ के वैज्ञानिक विश्लेषण समूह में शोध इंटर्न के रूप में हुआ है। प्रतिस्पर्धी चयन प्रक्रिया के बाद उन्हें यह अवसर मिला है। उनकी इंटर्नशिप में बैकएंड सॉफ्टवेयर विकास, सर्वर आधारित अनुप्रयोगों का निर्माण, एपीआई डिज़ाइन, डेटाबेस प्रबंधन तथा क्वांटम प्रौद्योगिकी पर शोध प्रमुख रूप से शामिल है। साथ ही वे क्वांटम कंप्यूटिंग, सुरक्षित संचार प्रणालियों और रक्षा क्षेत्र में उन्नत तकनीकों के विकास पर भी कार्य करेंगे।
इस उपलब्धि पर जीएल बजाज एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस के वाइस चेयरमैन पंकज अग्रवाल ने दोनों छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी लगन, तकनीकी दक्षता और संस्थान द्वारा प्रदान की गई मजबूत शैक्षणिक नींव का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान को गर्व है कि उसके छात्र देश के प्रमुख रक्षा अनुसंधान संगठन में अपनी प्रतिभा का योगदान दे रहे हैं।संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कार्तिकेय अग्रवाल ने कहा कि शोध और नवाचार जीएलबीआईटीएम की शिक्षण संस्कृति का अभिन्न हिस्सा हैं। डीआरडीओ में छात्रों का चयन इस बात का प्रमाण है कि संस्थान के विद्यार्थी कक्षा में अर्जित ज्ञान को वास्तविक चुनौतियों के समाधान में सफलतापूर्वक लागू कर रहे हैं। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी शोध और उभरती तकनीकों के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।जीएलबीआईटीएम अपने विद्यार्थियों को शोध परियोजनाओं, इंटर्नशिप, नवाचार कार्यक्रमों और उद्योगों के साथ सहयोग के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने पर विशेष जोर देता है। आधुनिक प्रयोगशालाओं, उद्योग जगत से मजबूत संबंधों और अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन के कारण संस्थान के छात्र राष्ट्रीय स्तर पर लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।डीआरडीओ में समृद्धि श्रीवास्तव और सुंदरम गुप्ता का चयन जीएलबीआईटीएम के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के लिए दक्ष एवं सक्षम युवा तैयार करने की संस्थान की प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।




