मिहिर भोज पार्क में चला स्वच्छता अभियान, विद्यार्थियों ने दिया प्लास्टिक मुक्त ग्रेटर नोएडा का संदेश
मिहिर भोज पार्क में चला स्वच्छता अभियान, विद्यार्थियों ने दिया प्लास्टिक मुक्त ग्रेटर नोएडा का संदेश

ग्रेटर नोएडा।स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल शहर के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कैम्पेन अगेंस्ट प्लास्टिक पॉल्यूशन ने फीडबैक फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट एवं ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सहयोग से शुक्रवार को मिहिर भोज पार्क, ग्रेटर नोएडा में स्वच्छता अभियान (क्लीन -अप ड्राइव ) तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में दिल्ली पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत पार्क परिसर में स्वच्छता अभियान से हुई, जिसमें विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों और अधिकारियों ने मिलकर प्लास्टिक एवं अन्य बिखरे कचरे को एकत्रित किया। इस दौरान सभी ने सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और प्लास्टिक प्रदूषण को रोकने का संकल्प भी लिया। अभियान का उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना था।इसके बाद आयोजित संवादात्मक जागरूकता सत्र में विद्यार्थियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने चार प्रकार के कचरे—गीला कचरा, सूखा कचरा, सैनिटरी कचरा और विशेष देखभाल वाला कचरा—के सही पृथक्करण और वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया समझाई।सत्र में स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, एकल-उपयोग प्लास्टिक के उपयोग में कमी, पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग), जैविक कचरे से कम्पोस्ट बनाने और घर व विद्यालय में वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन अपनाने के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने कहा कि स्वच्छ, हरित और प्रदूषण-मुक्त ग्रेटर नोएडा के निर्माण में प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य के साथ CAPP, फीडबैक फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट एवं जीएनआईडीए शहर में वैज्ञानिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक प्रदूषण में कमी और जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं।




