रामोत्सव मैदान, रबूपुरा में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, विधायक धीरेन्द्र सिंह ने किया योगाभ्यास
रामोत्सव मैदान, रबूपुरा में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, विधायक धीरेन्द्र सिंह ने किया योगाभ्यास

ग्रेटर नोएडा । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रबूपुरा स्थित रामोत्सव मैदान में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में यमुना प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेन्द्र भाटिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, महिलाओं, युवाओं एवं क्षेत्रवासियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।इस अवसर पर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की वह अमूल्य धरोहर है, जिसने आज पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन जीने का मार्ग दिखाया है। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों के कारण आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस वैश्विक जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। यह भारत की सांस्कृतिक शक्ति और आध्यात्मिक नेतृत्व का प्रतीक है।”जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का विज्ञान है। आज की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग प्रत्येक व्यक्ति के लिए अत्यंत आवश्यक है। नियमित योगाभ्यास न केवल अनेक बीमारियों से बचाता है, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और कार्यक्षमता भी बढ़ाता है।”विधायक धीरेन्द्र सिंह ने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि *”वे योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। यदि प्रत्येक परिवार प्रतिदिन कुछ समय योग को देगा, तो एक स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण स्वतः संभव होगा।”
उन्होंने कहा कि ‘स्वस्थ नागरिक ही विकसित राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। योग व्यक्ति, परिवार और समाज को जोड़ने का माध्यम है तथा भारत की “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना को भी सशक्त करता है।”
कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन, स्वच्छ जीवनशैली तथा नियमित योग अपनाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन एवं जनभागीदारी का प्रेरणादायी वातावरण देखने को मिला।




