राज्य मंत्री, लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश/प्रभारी मंत्री गौतमबुद्धनगर की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था, राजस्व एवं मुख्यमंत्री के विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक संपन्न
राज्य मंत्री, लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश/प्रभारी मंत्री गौतमबुद्धनगर की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था, राजस्व एवं मुख्यमंत्री के विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक संपन्न,
जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विकास कार्यों में तेजी एवं आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

गौतमबुद्धनगर।राज्य मंत्री, लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश एवं जनपद प्रभारी मंत्री गौतमबुद्धनगर बृजेश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था, राजस्व एवं मा० मुख्यमंत्री जी के विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों को और अधिक गति प्रदान करने के निर्देश दिए गए। मा० प्रभारी मंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा जनसुविधाओं को निरंतर बेहतर बनाना है। समीक्षा के दौरान राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने निवास, आय एवं जाति प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सेवाओं को और अधिक पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व सेवाएं आमजन से सीधे जुड़ी हुई हैं, इसलिए नागरिकों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान भारत योजना, गोल्डन कार्ड निर्माण, नियमित टीकाकरण कार्यक्रम, एम्बुलेंस सेवाओं तथा स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को स्वास्थ्य योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराया जाए तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। कृषि एवं सहकारिता विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने किसानों के लिए उर्वरकों एवं गुणवत्तापूर्ण बीजों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र जनपद की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए किसानों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने नहरों के माध्यम से टेल तक पानी की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया, जिससे किसानों को सिंचाई संबंधी बेहतर सुविधाएं प्राप्त हो सकें और कृषि उत्पादन में वृद्धि हो। लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान जनपद में संचालित सड़क निर्माण, मरम्मत एवं चौड़ीकरण कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया गया। मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क विकास और निवेश को गति प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जल जीवन मिशन ग्रामीण एवं शहरी की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य को प्राथमिकता के साथ पूरा करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। बैठक में विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर बल दिया तथा जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उद्योग विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने निवेश संबंधी एमओयू को शीघ्रता से धरातल पर उतारने, निवेश परियोजनाओं को गति देने तथा बैंकर्स समिति की बैठकों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे औद्योगिक विकास एवं रोजगार सृजन को और बढ़ावा मिल सके। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान स्कूल चलो अभियान, पीएम कंपोजिट विद्यालय, शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत प्रवेश प्रक्रिया तथा प्रोजेक्ट अलंकार के तहत विद्यालयों में विकसित की जा रही आधारभूत सुविधाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की । प्रभारी मंत्री ने गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान गौशालाओं के सुदृढ़ संचालन, निराश्रित गोवंश संरक्षण तथा डॉग शेल्टर संबंधी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही वन विभाग को वृक्षारोपण एवं पौध संरक्षण कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर संचालित करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, जिला पूर्ति विभाग, पर्यटन विभाग सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मा० मंत्री जी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा शासन की प्राथमिकताओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करें। बैठक के अंत में कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को जनपद में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने, महिला सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास एवं सुशासन के लिए सुरक्षित वातावरण अत्यंत आवश्यक है और इस दिशा में सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा। जिलाधिकारी ने मंत्री को आश्वस्त किया कि बैठक में प्राप्त सभी निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा जनपद में विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को और अधिक गति प्रदान की जाएगी। बैठक में सांसद महेश शर्मा, विधायक दादरी तेजपाल नागर, विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद दादरी गीता पंडित, जनप्रतिनिधिगण, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम, एसीईओ ग्रेटर नोएडा सुनील कुमार सिंह, एसीईओ नोएडा वंदना त्रिपाठी, ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मदन मोहन त्रिपाठी, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, एवं संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।




