जीएन इंस्टीट्यूट में हरियाली तीज और विजय कारगिल दिवस पर हुआ भव्य पौधारोपण
जीएन इंस्टीट्यूट में हरियाली तीज और विजय कारगिल दिवस पर हुआ भव्य पौधारोपण
हरियाली तीज जब आती है तो चारों और हरियाली, उल्लास, उत्साह का वातावरण बन जाता है : बिशनलाल गुप्ता, चैयरमेन जीएन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट
ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा स्थित जीएन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट ने हरियाली तीज और विजय कारगिल दिवस के पावन अवसर पर एक भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस पहल में कॉलेज के समस्त स्टाफ ने सक्रिय रूप से भाग लिया, जिसका लक्ष्य 20 हजार पौधे लगाना था।
इस दौरान हरियाली तीज का त्योहार भी पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में सावन के मनमोहक गीतों पर एकल नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहे, जिन्होंने वातावरण को और भी जीवंत बना दिया। जीएन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के चेयरमैन बिशनलाल गुप्ता ने इस अवसर पर दोनों महत्वपूर्ण आयोजनों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विजय कारगिल दिवस के संबंध में कहा, “हमारे देश के सैनिकों का बलिदान बहुत ही महत्वपूर्ण है, जिसको यह देश हमेशा याद रखेगा।” उन्होंने राष्ट्र के प्रति सैनिकों के अतुलनीय योगदान को सराहा।
वहीं, हरियाली तीज के बारे में बात करते हुए, बिशनलाल गुप्ता ने कहा, “श्रावण मास, जिसे सावन भी कहा जाता है, भगवान शिव को समर्पित एक पवित्र महीना है। इसे भगवान शिव की पूजा, उपवास और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है।” उन्होंने आगे बताया कि श्रावण मास गृहस्थियों को जीवन जीने की कला सिखाने आता है, और इस दौरान प्राप्त आध्यात्मिक ऊर्जा से लोग अपने जीवन को संवार कर पूरे वर्ष को सुखकारी बनाते हैं। इस कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा सावन के गीतों पर सामूहिक नृत्य की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं, जिन्होंने उत्सव के माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। इस संयुक्त आयोजन ने पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ-साथ देश भक्ति और सांस्कृतिक विरासत का भी सुंदर संगम प्रस्तुत किया।