GautambudhnagarGreater noida news

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में व्यापारिक समस्याओं के समाधान हेतु जिला व्यापार बंधु समिति की बैठक हुई सम्पन्न

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में व्यापारिक समस्याओं के समाधान हेतु जिला व्यापार बंधु समिति की बैठक हुई सम्पन्न

गौतमबुद्धनगर। जनपद में व्यापारिक गतिविधियों को और अधिक सुगम, सुरक्षित तथा व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला व्यापार बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों, संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की।बैठक के दौरान व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण, यातायात जाम, पार्किंग व्यवस्था, सड़कों की स्थिति, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, बरसात के दौरान जलभराव, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारियों ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दादरी एवं जनपद के अन्य प्रमुख बाजार क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों के सुचारु संचालन हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किए जाने की मांग की। जिलाधिकारी ने सभी व्यापारिक प्रतिनिधियों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्रों में नियमित रूप से विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा यातायात व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित बनाया जाए, जिससे व्यापारियों, ग्राहकों एवं आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि बाजार क्षेत्रों में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन तथा जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए समन्वित रूप से कार्य किये जाये।  बैठक में व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न विकासात्मक एवं जनसुविधा संबंधी सुझाव भी प्रस्तुत किए गए, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों के साथ नियमित संवाद स्थापित किया जाए तथा प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।बैठक का सफल संचालन डिप्टी कमिश्नर प्रशासन, राज्य कर विभाग अजीत कुमार सिंह द्वारा किया गया। बैठक में प्रशासनिक अधिकारी जीएसटी वीरेंद्र चन्द्र, जिला प्रशासन व पुलिस विभाग के अधिकारियों सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button