GautambudhnagarGreater noida news

इनोवेटिव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में दस दिवसीय गणेश पूजा का हवन के साथ समापन

इनोवेटिव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में दस दिवसीय गणेश पूजा का हवन के साथ समापन

ग्रेटर नोएडा। इनोवेटिव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज परिसर में आयोजित दस दिवसीय गणेश पूजा एवं धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत हवन-पूजन के साथ समापन हुआ। पिछले दस दिनों से परिसर में भगवान गणेश की श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की जा रही थी। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और सुख, शांति, समृद्धि एवं संस्थान की उन्नति के लिए प्रार्थना की।

समापन अवसर पर चेयरमैन डॉ. के. आर. शर्मा, सचिव देवाशीष गौड़ सपरिवार उपस्थित रहे। महाविद्यालय की निदेशिका डॉ. तितिक्षा शर्मा ने भी पूजा-अर्चना में भाग लिया।

कार्यक्रम के अंतिम दिन विधि-विधान के साथ हवन आयोजित किया गया। श्रद्धालुओं ने हवन में आहुति देकर भगवान गणेश से सभी के कल्याण, विश्वशांति और मंगलमय भविष्य की कामना की। हवन के पश्चात श्रद्धालुओं एवं विद्यार्थियों को प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर डॉ. मृत्युंजय पाण्डेय ने कहा कि विश्वशांति और विश्व कल्याण के लिए इस प्रकार के धार्मिक एवं आध्यात्मिक अनुष्ठान आवश्यक हैं। वहीं रजिस्ट्रार अंजनी कुमार ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी दिए जाने चाहिए, ताकि वे ज्ञान के साथ अच्छे संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझ सकें।

संस्थान के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय परंपराओं, संस्कारों और सामाजिक सद्भाव से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ गणेश पूजा में सहभागिता की।

दस दिनों तक परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। हवन एवं प्रसाद वितरण के साथ गणेश पूजा का शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण समापन हुआ।

Related Articles

Back to top button