यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियां अंतिम चरण में, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियां अंतिम चरण में, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। गुरुवार को पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी ने एक्सपो मार्ट का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक कर विभागवार तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, वीवीआईपी मूवमेंट, अग्निशमन, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, खाद्य सुरक्षा, साफ-सफाई और पेयजल समेत अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, प्रवेश एवं निकास द्वारों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी के निर्देश दिए। वीवीआईपी आवागमन के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराने के साथ निर्धारित मार्गों पर यातायात सुचारु रखने, जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग और डायवर्जन की व्यवस्था करने को कहा गया।पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वाहनों का व्यवस्थित संचालन हो और आयोजन स्थल के आसपास जाम की स्थिति न बने। आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया।जिलाधिकारी ने विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अपने-अपने दायित्व समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अग्निशमन उपकरणों की जांच, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और बैकअप व्यवस्था, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं, एंबुलेंस, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि ट्रेड शो में देश-विदेश से बड़ी संख्या में उद्यमी, खरीदार, निवेशक और प्रतिनिधि पहुंचेंगे। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि आगंतुकों और अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं का अंतिम स्तर पर पुनः निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ भाल चंद्र त्रिपाठी, एडिशनल सीपी राजीव नारायण मिश्रा, एसीईओ यमुना प्राधिकरण शैलेन्द्र भाटिया, एडीएम वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




