सेक्टर पी-3 में जगह-जगह बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों से बढ़ा सुरक्षा खतरा, तत्काल मरम्मत की मांग
सेक्टर पी-3 में जगह-जगह बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों से बढ़ा सुरक्षा खतरा, तत्काल मरम्मत की मांग

ग्रेटर नोएडा। सेक्टर पी-3 में लंबे समय से कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी होने के कारण स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में सड़कों और रास्तों पर अंधेरा होने से दुर्घटनाओं के साथ-साथ चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
इस संबंध में सेक्टर पी-3 निवासी एवं अधिवक्ता तथा पूर्व अध्यक्ष पी-3 आदित्य भाटी ने ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (जीएनआईडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर समस्या के तत्काल समाधान की मांग की है।
आदित्य भाटी ने बताया कि सेक्टर में कई स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब हैं। स्थानीय लोगों द्वारा लगातार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। वर्तमान में बारिश का मौसम होने के कारण सड़कें और रास्ते फिसलन भरे हैं। ऐसे में स्ट्रीट लाइटें बंद रहने से रात के समय आवागमन और अधिक जोखिमपूर्ण हो गया है।उन्होंने कहा कि अंधेरे के कारण महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और देर रात काम से लौटने वाले लोगों की सुरक्षा पर गंभीर असर पड़ रहा है। साथ ही सड़क पर गड्ढे और अन्य अवरोध दिखाई न देने के कारण हादसे की आशंका भी बनी रहती है।उन्होंने प्राधिकरण से मांग की है कि सेक्टर पी-3 की सभी बंद स्ट्रीट लाइटों का तत्काल निरीक्षण कराया जाए और खराब लाइटों की मरम्मत अथवा उन्हें बदलने का काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। इसके अलावा पूरे सेक्टर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की नियमित निगरानी के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने की भी मांग की गई है।
आदित्य भाटी ने कहा कि यह केवल सुविधा का नहीं, बल्कि सीधे तौर पर जन-सुरक्षा से जुड़ा मामला है, इसलिए प्राधिकरण को इस पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।




