GautambudhnagarGreater noida news

जेवर में फिर बढ़ी राजनीतिक हलचल: भाजपा के संभावित दावेदारों में मनोज चौधरी ने मोहित बेनीवाल से की मुलाकात 

जेवर में फिर बढ़ी राजनीतिक हलचल: भाजपा के संभावित दावेदारों में मनोज चौधरी ने मोहित बेनीवाल से की मुलाकात 

ग्रेटर नोएडा/जेवर। गौतमबुद्ध नगर की सबसे महत्वपूर्ण और हाई-प्रोफाइल विधानसभा सीटों में शामिल जेवर विधानसभा में वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां धीरे-धीरे तेज होती जा रही हैं। भाजपा के भीतर भी संभावित दावेदारों की सक्रियता बढ़ने लगी है। इसी क्रम में वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे वरिष्ठ नेता मनोज चौधरी (तुगलपुर) एक बार फिर राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में हैं।

हाल ही में मनोज चौधरी ने दादरी विधायक मास्टर तेजपाल नागर के साथ भाजपा के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं नव-नियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने नई जिम्मेदारी मिलने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। हालांकि यह मुलाकात औपचारिक शिष्टाचार भेंट थी, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसके अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। जानकारों का मानना है कि यह संगठन के शीर्ष नेतृत्व के साथ लगातार संवाद और सक्रियता का संकेत भी माना जा सकता है।मनोज चौधरी वर्ष 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जेवर विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी रहे थे। चुनाव में उन्हें उल्लेखनीय जनसमर्थन मिला था। चुनाव के बाद भी उन्होंने क्षेत्र में अपनी सक्रियता बनाए रखी और सामाजिक, धार्मिक तथा जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में लगातार भागीदारी निभाई। यही कारण है कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के संभावित दावेदारों की चर्चा में उनका नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है।हालांकि भाजपा की टिकट चयन प्रक्रिया संगठन और केंद्रीय नेतृत्व के स्तर पर तय होती है तथा अभी किसी भी उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। बावजूद इसके, राजनीतिक हलकों में मनोज चौधरी को मजबूत दावेदारों में गिना जा रहा है।

तीन पीढ़ियों से जनसेवा की विरासत 

मनोज चौधरी ऐसे परिवार से आते हैं जिसकी पहचान केवल राजनीति तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक नेतृत्व से भी जुड़ी रही है। उनके दादा स्वर्गीय चौधरी होराम सिंह उस दौर में गांव के मुखिया रहे, जब ग्राम पंचायत व्यवस्था लागू नहीं हुई थी। उस समय गांव के प्रशासन और सामाजिक नेतृत्व की जिम्मेदारी मुखिया के पास होती थी।इसके बाद पंचायत व्यवस्था लागू होने पर उनके पिता चौधरी महेंद्र सिंह ग्राम प्रधान निर्वाचित हुए। वहीं ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में ग्राम पंचायत व्यवस्था समाप्त होने से पहले उनकी माता ने भी ग्राम प्रधान के रूप में गांव का नेतृत्व किया। इस तरह मनोज चौधरी का परिवार लगातार तीन पीढ़ियों से सामाजिक सेवा और जनप्रतिनिधित्व से जुड़ा रहा है।

2027 को लेकर बढ़ी सियासी चर्चा

जेवर विधानसभा में 2027 के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां अभी से तेज होती दिखाई दे रही हैं। ऐसे में भाजपा के संभावित चेहरों को लेकर चर्चाओं का दौर भी शुरू हो चुका है। पार्टी की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन संगठन और क्षेत्र में सक्रिय नेताओं पर राजनीतिक नजरें लगातार बनी हुई हैं।

Related Articles

Back to top button