GautambudhnagarGreater noida news

आईबीए की पहल पर एसीईओ सुमित यादव ने अधिकारियों के साथ इकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र का किया निरीक्षण

आईबीए की पहल पर एसीईओ सुमित यादव ने अधिकारियों के साथ इकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र का किया निरीक्षण

ग्रेटर नोएडा। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए ) के अध्यक्ष अमित उपाध्याय एवं आईबीए टीम के निरंतर प्रयासों और पहल पर ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुमित यादव ने प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ इकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान आईबीए अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने क्षेत्र की साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, ड्रेनेज, सीवरेज, सड़क, जलभराव एवं हॉर्टिकल्चर से संबंधित समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कूड़े के ढेर तत्काल हटाने, नियमित सफाई सुनिश्चित करने, झाड़ियों की कटाई तथा मानसून से पूर्व सभी ड्रेनों की युद्धस्तर पर सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क के गड्ढों को फिलहाल गिट्टी डालकर रोलर से दुरुस्त करने, सड़क चौड़ीकरण का कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने तथा निर्माणाधीन चौड़ी आरसीसी ड्रेन के कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।

इस दौरान बड़े नाले से जुड़ रही निर्माणाधीन कलवर्ट एवं जल निकासी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। एसीईओ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्रेनेज, गार्बेज, सीवरेज, सड़क अथवा हॉर्टिकल्चर—किसी भी समस्या के कारण उद्यमियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जाए।

आईबीए अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा, “संस्था का प्रयास केवल समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि उनके समाधान को धरातल पर सुनिश्चित कराना है। आईबीए लगातार औद्योगिक क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर, सुविधायुक्त एवं आदर्श औद्योगिक सेक्टर के रूप में विकसित कराने के लिए शासन-प्रशासन और प्राधिकरण के साथ प्रभावी समन्वय कर रही है। यह प्रयास पूरी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर जारी रहेगा।”

अमित उपाध्याय ने औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं का संज्ञान लेकर उनके समाधान के लिए टीम गठित करने तथा हमेशा की तरह सकारात्मक सहयोग प्रदान करने हेतु ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एन.जी. का विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही, मौके पर पहुंचकर समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण करने एवं संबंधित अधिकारियों को प्रभावी दिशा-निर्देश देने के लिए अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री सुमित यादव का भी धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक चेतराम सिंह, प्रोजेक्ट विभाग के मैनेजर प्रशांत समाधिया, संविदा सुपरवाइजर जितेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार, अनिल कुमार एवं धनेश भाटी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी तथा इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए ) की टीम के सदस्य एवं पदाधिकारीगण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button