GautambudhnagarGreater noida news

गौतमबुद्ध नगर में संगठन सृजन अभियान का शुभारंभ, जिला कांग्रेस कार्यालय बिसरख पर हुई पत्रकार वार्ता

संगठन सृजन अभियान से कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा : शेख मस्तान वली

गौतमबुद्ध नगर में संगठन सृजन अभियान का शुभारंभ, जिला कांग्रेस कार्यालय बिसरख पर हुई पत्रकार वार्ता

गौतमबुद्ध नगर । अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत बुधवार को गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस संगठन के पुनर्गठन एवं सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया। जिला कांग्रेस कार्यालय, बिसरख पर आयोजित पत्रकार वार्ता में उत्तर प्रदेश संगठन सृजन अभियान के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक एवं आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष तथा पूर्व विधायक शेख मस्तान वली ने अभियान की औपचारिक शुरुआत की।पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए शेख मस्तान वली ने कहा कि संगठन सृजन अभियान कांग्रेस संगठन को नए सिरे से मजबूत करने का महत्वपूर्ण अभियान है। कांग्रेस का वास्तविक संगठन उसके कार्यकर्ता हैं और पार्टी का उद्देश्य ऐसे समर्पित एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे लाना है, जो जनता के बीच रहकर कांग्रेस की विचारधारा और जनहित के मुद्दों के लिए निरंतर संघर्ष कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि संगठन सृजन केवल पदों के वितरण की प्रक्रिया नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, सक्रियता, जनसरोकार और संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को पहचानने की प्रक्रिया है। कांग्रेस को बूथ से लेकर जिला एवं प्रदेश स्तर तक मजबूत करने के लिए व्यापक रायशुमारी की जाएगी और कार्यकर्ताओं की राय को प्राथमिकता दी जाएगी।शेख मस्तान वली ने कहा कि कांग्रेस हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। आवश्यकता है कि कांग्रेस का संगठन गांव, कस्बे, शहर और बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत हो तथा कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की आवाज बनकर मजबूती से खड़े हों।उन्होंने गौतमबुद्ध नगर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ संगठन सृजन अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही मजबूत संघर्ष और मजबूत राजनीतिक विकल्प की नींव रखता है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष और शहर अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए आवेदन फॉर्म भी जारी किए गए। रायशुमारी के माध्यम से आवेदन करने वाले कार्यकर्ताओं के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि संगठन सृजन अभियान को लेकर जनपद के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। कांग्रेस का कार्यकर्ता हमेशा संघर्ष के समय सबसे आगे खड़ा रहा है और अब संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं की भावनाओं एवं सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी।उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में संगठन को जिला, गांव, वार्ड, ब्लॉक और बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए पूरी गंभीरता के साथ कार्य किया जाएगा। संगठन में ऐसे कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने का प्रयास होगा, जो लगातार जनता के बीच रहकर संगठन के लिए काम कर रहे हैं और पार्टी की विचारधारा को मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं।दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि संगठन सृजन अभियान कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए अपनी भूमिका निभाने का अवसर है। रायशुमारी की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और लोकतांत्रिक भावना के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस कार्यकर्ता किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं तथा आने वाले समय में इस संघर्ष को और व्यापक बनाया जाएगा।उन्होंने संगठन सृजन अभियान के पर्यवेक्षक शेख मस्तान वली का गौतमबुद्ध नगर आगमन पर स्वागत करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में जनपद में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा, मजबूती और दिशा मिलेगी।नोएडा महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश यादव ने कहा कि नोएडा महानगर में कांग्रेस संगठन लगातार जनता के बीच सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। संगठन सृजन अभियान के माध्यम से महानगर के प्रत्येक वार्ड और बूथ तक कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाला कार्यकर्ता नहीं है, बल्कि वह वर्षभर जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा रहता है। ऐसे सक्रिय और संघर्षशील कार्यकर्ताओं को संगठन में उचित भूमिका मिलना आवश्यक है।

मुकेश यादव ने कहा कि नोएडा में युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों और मध्यम वर्ग से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रही है। संगठन सृजन अभियान के बाद इन जनआंदोलनों को और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि नोएडा महानगर कांग्रेस कमेटी अभियान को पूरी गंभीरता और एकजुटता के साथ सफल बनाएगी तथा प्रत्येक बूथ पर कांग्रेस की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी।पत्रकार वार्ता के दौरान बताया गया कि संगठन सृजन अभियान के तहत गौतमबुद्ध नगर एवं नोएडा महानगर में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, AICC एवं PCC सदस्यों तथा सक्रिय कांग्रेस कार्यकर्ताओं से रायशुमारी की जाएगी।इस प्रक्रिया का उद्देश्य संगठन में सक्रिय, समर्पित, संघर्षशील एवं जनाधार वाले कार्यकर्ताओं को आगे लाना तथा कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाना है।कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन सृजन अभियान को सफल बनाने तथा जनपद में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर सतीश शर्मा, विनीत त्यागी, राघव सिंह, मुकेश शर्मा, धर्म सिंह, नीरज लोहिया, हरेन्द्र शर्मा, सूबेदार सतपाल सिंह, सुरेन्द्र सिंह, तीरथराम सहित जिला एवं शहर कांग्रेस के कार्यकर्ता, अग्रिम संगठनों के प्रमुख, AICC एवं पीसीसी सदस्य, जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर तथा नोएडा महानगर कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता, पूर्व पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button