GautambudhnagarGreater noida news

गांधी-शास्त्री जयंती पर नन्हक फाउंडेशन के बच्चों ने दी महान सपूतों को श्रद्धांजलि

गांधी-शास्त्री जयंती पर नन्हक फाउंडेशन के बच्चों ने दी महान सपूतों को श्रद्धांजलि

ग्रेटर नोएडा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर ग्रेटर नोएडा के इटा-1 स्थित बिगनिंग मिशन एजुकेशन सेंटर में नन्हक फाउंडेशन के बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से दोनों महान नेताओं को याद किया।

कार्यक्रम में बच्चों ने गांधी जी और शास्त्री जी के जीवन, विचारों और देश के प्रति योगदान पर अपने विचार प्रस्तुत किए। बच्चों ने गीत एवं कविताएं भी प्रस्तुत कीं। छात्रा रजनी ने गांधी जी के तीन बंदरों के संदेश का विस्तार से वर्णन किया। वहीं फाउंडेशन की फाउंडर प्रेसिडेंट साधना सिंहा ने गांधी जी के अहिंसक आंदोलन और लाल बहादुर शास्त्री के सरल, दृढ़ एवं प्रेरणादायक व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम की खास आकर्षण 8 वर्षीय रोहन रहा, जिसने गांधी जी की तस्वीर को सामने रखकर बिना हाथ उठाए लगातार उसे देखते हुए उनका स्केच तैयार किया। रोहन की खूबसूरत कलाकृति देखकर मौजूद लोग आश्चर्यचकित रह गए और उसकी प्रतिभा की सराहना की।

नन्हक फाउंडेशन पिछले छह वर्षों से आर्थिक रूप से कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा और सर्वांगीण विकास का अवसर उपलब्ध करा रही है। फाउंडेशन द्वारा बच्चों को शिक्षा के साथ नृत्य, संगीत, कला एवं स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों के लिए भी तैयार किया जाता है। इसके अलावा बच्चों को कपड़े, जूते, मौसम के अनुकूल गर्म वस्त्र, पाठ्य सामग्री, कलात्मक सामग्री और पौष्टिक आहार भी उपलब्ध कराया जाता है।

फाउंडेशन सामान्य बच्चों के साथ विशेष एवं दिव्यांग बच्चों के विकास पर भी कार्य कर रही है। संस्था का प्रयास है कि उचित अवसर और अतिरिक्त सहयोग मिलने पर विशेष बच्चों की प्रतिभा को भी सामने लाया जाए और उन्हें समाज में सम्मानजनक जीवन जीने के लिए सक्षम बनाया जाए।

साधना सिंहा ने कहा कि प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे देश के विकास में अपना योगदान दें और ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में नन्हक फाउंडेशन का सहयोग करें, ताकि किसी भी प्रतिभावान बच्चे की क्षमता व्यर्थ न जाए।

Related Articles

Back to top button