वृद्धाश्रम में गूंजे भक्ति के स्वर, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा बुजुर्गों का मन
वृद्धाश्रम में गूंजे भक्ति के स्वर, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा बुजुर्गों का मन

ग्रेटर नोएडा। गांधी-शास्त्री जयंती एवं अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर नॉलेज पार्क-2 स्थित रामलाल वृद्धाश्रम में गुरुकुल द म्युजिकोलॉजी फाउंडेशन की ओर से भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों और कलाकारों की भक्ति संगीत से सजी प्रस्तुतियों ने पूरे वृद्धाश्रम के वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बुजुर्गों ने तालियों के साथ कलाकारों और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सरस्वती वंदना और गणेश वंदना से भजन संध्या की शुरुआत हुई। कलाकारों ने ‘राम आएंगे’, ‘रामा रामा’, ‘रघुपति राघव’, ‘हरे राम हरे राम’, ‘वीर हनुमाना’ और ‘हे दुखभंजन’ सहित कई भजनों की प्रस्तुति दी।फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रियंका मिश्रा ने कहा कि बुजुर्गों का सानिध्य परिवार और समाज को समृद्ध बनाता है। उन्होंने बुजुर्गों के प्रति सम्मान, अपनापन और देखभाल की भावना बनाए रखने का संदेश दिया।मुख्य कलाकार अनामिका जोशी ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। उनके साथ हारमोनियम पर उपेंद्र कुमार, ढोलक पर अमित पॉल, की-बोर्ड पर संगीत जोशी तथा तबले पर आनंद मिश्रा और शिवम मिश्रा ने संगत की। फाउंडेशन के विद्यार्थियों पलक सिंह राजपूत, दिशा, शरद, शिवाय, साक्षी, शिवांशी और ऋत्विक ने भी विभिन्न प्रस्तुतियों में भाग लिया।
कार्यक्रम में बीएनआई की उपाध्यक्ष पूजा यादव, अक्षय यादव, विनिता गुप्ता और आराधना वर्मा सहित शिक्षक एवं अभिभावक मौजूद रहे। आनंद मिश्रा और आराधना वर्मा कार्यक्रम के संयोजक रहे।
भजन संध्या के दौरान वृद्धाश्रम में भक्ति, संगीत और अपनत्व का माहौल देखने को मिला। बच्चों और बुजुर्गों की सहभागिता ने पीढ़ियों के बीच प्रेम, सम्मान और संस्कारों के सुंदर संगम की तस्वीर पेश की। आयोजन के माध्यम से वृद्धजनों के प्रति सम्मान और आत्मीयता का संदेश दिया गया।




